बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी का पर्व आज बरेली में धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर से लेकर देहात तक कुल 38 स्थानों पर रावण दहन और मेले का आयोजन होगा। सबसे बड़ा आयोजन बड़े बाग स्थित हार्टमैन रामलीला ग्राउंड में किया जाएगा। यहां 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ 50-50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन होगा। वहीं, मॉडल टाउन स्थित विष्णु इंटर कॉलेज के मैदान में 50 फीट ऊंचे रावण का पुतला जलाया जाएगा। दोनों प्रमुख स्थानों पर राम-रावण युद्ध देखने और रावण दहन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
मुगल शासन से कोरोना काल तक कायम रही 459 साल पुरानी रामलीला
दरअसल बरेली की रामलीला की पहचान केवल शहर तक सीमित नहीं है। करीब 459 साल पुरानी इस परंपरा को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान माना जाता है। दावा किया जाता है कि देश की प्राचीन रामलीलाओं में अयोध्या और काशी के साथ बरेली की रामलीला का भी खास स्थान है। मुगल शासन, अंग्रेजों के दौर और कोरोना महामारी जैसी परिस्थितियों के बावजूद इस परंपरा को आगे बढ़ाया गया। इस रामलीला का शुभारंभ चौधरी तालाब से होता है और इसका समापन हार्टमैन रामलीला ग्राउंड में होता है। पहले मनोरंजन के साधन कम होने के कारण आसपास के जिलों से भी लोग रामलीला देखने बरेली पहुंचते थे। कई लोग यहां 15 दिनों तक रुककर अलग-अलग प्रसंगों का आनंद लेते थे। समय बदला, मनोरंजन के साधन बढ़े, लेकिन रामलीला के प्रति लोगों का उत्साह बना रहा। इस बार भी दशहरे के मुख्य मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। आयोजन में दो लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना जताई गई है। मेले में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों के शामिल होने की भी उम्मीद है।
38 स्थानों पर रावण दहन, सुरक्षा में जुटे 700 से अधिक पुलिसकर्मी
विजयदशमी के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, जिले में रावण दहन वाले सभी स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ को संभालने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में तीन अपर पुलिस अधीक्षक, आठ पुलिस उपाधीक्षक, 35 निरीक्षक, 155 उपनिरीक्षक और 516 मुख्य आरक्षी व आरक्षी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। प्रमुख रामलीला मैदानों और मेला स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।थानावार आंकड़ों के मुताबिक, प्रेमनगर क्षेत्र में सबसे अधिक नौ स्थानों पर रावण दहन होगा। बारादरी में सात और इज्जतनगर में पांच स्थानों पर पुतले जलाए जाएंगे। कोतवाली, कैंट, सुभाषनगर, सिरौली, बहेड़ी और भोजीपुरा में दो-दो स्थानों पर आयोजन होगा। वहीं, सीबीगंज, आंवला, भमोरा, नवाबगंज और फतेहगंज पश्चिमी में एक-एक स्थान पर रावण दहन किया जाएगा।
शाम को रावण दहन के दौरान मैदानों में जय श्रीराम के जयघोष गूंजेंगे। लोग परिवार के साथ मेले में पहुंचकर उत्सव का आनंद लेंगे। प्रशासन की कोशिश है कि विजयदशमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षा के बीच संपन्न हो।
