उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में होने वाली शोध प्रवेश परीक्षा (आरईटी) को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 11 जनवरी को आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 3300 परीक्षार्थी भाग लेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रदेश के तीन शहरों में कराई जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले छात्रों को परेशानी न हो। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
तीन शहरों में होंगे परीक्षा केंद्र, बरेली में सबसे अधिक परीक्षार्थी
दरअसल शोध प्रवेश परीक्षा के लिए बरेली, गाजियाबाद और लखनऊ में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सबसे अधिक परीक्षार्थी बरेली स्थित रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा देंगे। यहां तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 1395 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
गाजियाबाद में शंभुदयाल डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 590 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं लखनऊ में चंद्रभान गुप्त डिग्री कॉलेज में 204 परीक्षार्थियों की परीक्षा कराई जाएगी। तीनों शहरों में परीक्षा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
नेट, जेआरएफ पास अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा से छूट
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस शोध प्रवेश प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। जिन छात्रों ने पहले से यूजीसी नेट, जेआरएफ या किसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय अथवा प्रदेश स्तर की पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर रखी है, उन्हें बड़ी राहत दी गई है।
ऐसे अभ्यर्थी सीधे इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल होंगे। इस श्रेणी में कुल 1111 अभ्यर्थी हैं। शेष 2189 परीक्षार्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को आगे साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
दो पालियों में होगी परीक्षा, प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध
शोध प्रवेश परीक्षा 11 जनवरी को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी, जिसमें जनरल रिसर्च से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसमें विषयवार परीक्षा कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।

