Swabhiman TV

Best News Online Channel

हाथरस कांड के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए भोले बाबा

स्वाभिमान टीवी, डेस्क। हाथरस में 2 जुलाई को हुई भगदड़ के बाद सूरज पाल उर्फ नारायण साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा पहली बार मीडिया के सामने आया है। मीडिया को दिए अपने बयान में उसने कहा कि दो जुलाई की घटना से वह बहुत दुखी है, भगवान उन्हें इस दर्द को सहने की शक्ति दे। भोले बाबा ने कहा कि कृपया सरकार और प्रशासन पर पूरा भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि जिसने भी अराजकता फैलाई है उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैंने अपने वकील एपी सिंह के माध्यम से समिति के सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे शोक संतप्त परिवारों और घायलों के साथ खड़े रहें और जीवन भर उनकी मदद करें। सूरजपाल ने हाथरस में हुई भगदड़ को साजिश बताते हुए कहा कि वह पीड़ितों की मदद करेंगे साथ ही वह हमेशा मृतकों के परिजनों के साथ हैं।

हाथरस भगदड़ का मुख्य आरोपी मधुकर गिरफ्तार
बता दें की हाथरस भगदड़ का मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर ने शुक्रवार देर रात को दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया था। हाथरस पुलिस मधुकर को यूपी के साथ-साथ राजस्थान व हरियाणा में भी तलाश कर रही थी। सरेंडर के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में मुख्य सेवादार मधुकर इकलौता नामजद आरोपी है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह ने कहा कि मधुकर दिल्ली में इलाज करा रहा था। उन्होंने बताया कि सत्संग के लिए मधुकर ने ही प्रशासन से मंजूरी ली थी। कार्यक्रम का मुख्य आयोजनकर्ता भी वही था। उस पर गैर इरादतन हत्या, सबूत मिटाने समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

हाथरस पुलिस ने कहा-राह चलते किया गिरफ्तार
वहीं दूसरी तरफ हाथरस के पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल का कहना है कि एक लाख के इनामी मधुकर को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली से राह चलते किया गया है। अस्पताल से कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।