अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित रोजगार महाकुंभ 2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेटियों की सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां पहले से ज्यादा आत्मविश्वासी हो चुकी हैं और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर जरूरी मदद दे रही है।
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अगर किसी ने बेटियों के साथ छेड़खानी या अभद्रता करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।
बेटियों को मिल रहे विकास के बराबर मौके
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार बेटियों को पढ़ाई, नौकरी और सुरक्षा के मामले में बराबर अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब बेटियां सुरक्षित होंगी तभी वे आगे बढ़कर अपने सपने पूरे कर पाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर होने से बेटियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। अब वे पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी और दूसरे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों को पढ़ने और आगे बढ़ने का पूरा मौका दें।
कन्या सुमंगला योजना से लाखों बेटियों को फायदा
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की कन्या सुमंगला योजना का फायदा प्रदेश की करीब 27 लाख बेटियों को मिल रहा है। इस योजना के तहत बेटी के जन्म के बाद उसका नाम रजिस्टर में दर्ज होते ही उसके खाते में आर्थिक मदद पहुंचने लगती है।
उन्होंने कहा कि पहले कई परिवारों में बेटियों को बोझ समझा जाता था, लेकिन अब सोच बदल रही है। सरकार की योजनाओं से बेटियां आत्मनिर्भर बन रही हैं और उन्हें पढ़ाई के लिए भी मदद मिल रही है।
