सिपाही का हत्यारा पति फौजी गिरफ्तार, जाट रेजीमेंट में तैनात है फौजी

बरेली, 01 दिसंबर। पुलिस ने महिला सिपाही के हत्यारे फौजी पति को गिरफ्तार किया है। जाट रेजीमेंट में तैनात सेना के जवान पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की जहर देकर हत्या की है। पुलिस ने इस मामले में महिला सिपाही का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा को लैब में जांच के लिए भेजा गया था। वही बिसरा रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जाट रेजिमेंट सेंटर से फौजी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया है।
कैंट थाना पुलिस ने करीब ढाई महीने पहले हुई महिला कांस्टेबल शिखा नैन की हत्या के आरोपी फौजी पति आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। आकाश बरेली के जाट रेजीमेंट में तैनात है। उस पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज है। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि कैंट थाने में तैनात महिला कांस्टेबल शिखा नैन का शव उसके रूम में मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया था। महिला सिपाही के मायके वालों ने कैंट थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था।
पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर बिसरा को जांच के लिए लैब में भेजा गया था। बिसरा में जहर की पुष्टि होने के बाद जाट रेजीमेंट में तैनात फौजी आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पहले जाट रेजीमेंट जाकर उच्च अधिकारियों से सेना के जवान आकाश की गिरफ्तारी की अनुमति ली और अनुमति मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आकाश पर आरोप है कि वह अपनी पत्नी को दहेज के लिए मारता पीटता था। 2019 में दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर दोस्ती प्यार में परवान चढ़ गई इसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी।

By Anup