मण्डल में चहुँमुखी विकास को गति देने की बनी कार्योजना- कमिश्नर ने बनायी रुपरेखा

मंडल में वृहद गौ संरक्षण केन्द्रों को 30 नवम्बर, 2022 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर शीघ्र क्रियाशील कराया जाए

सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों को 15 दिसम्बर, 2022 तक पूर्ण किया जाए

मण्डल में क्राइम कंट्रोल और शांति व्यवस्था पर प्रभावी कार्यवाही करे पुलिस-प्रशासन – भू-माफिया चिन्हांकन ,गुंडा एक्ट, गंगस्टर एक्ट, आबकारी प्रवर्तन

शिक्षा – स्वास्थ्य – संचारी रोग – समाजिक सुरक्षा पर धरातल तक चले विशेष अभियान

बरेली, 16 नवम्बर। मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने आज मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कमिश्नरी सभागार में सम्पन्न हुई। मंडलायुक्त ने शासन के प्राथमिकता कार्यक्रमों की रैंकिंग में बरेली मंडल को प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त हुआ है। आई.जी.आर.एस. में बरेली मंडल को तृतीय स्थान आने पर जिलाधिकारी बरेली, बदायूं, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर तथा मुख्य विकास अधिकारियों सहित अन्य मंडलीय अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विगत माह में आई.जी.आर.एस. 16वां स्थान पर बरेली मंडल था जो अब बरेली मंडल तृतीय स्थान पर आ गया है। उन्होंने समस्त मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण नियमानुसार किया जाए। उन्होंने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर कराए जा रहे जन उपयोगी/उल्लेखनीय कार्यों को जनसामान्य को अवगत कराया जाए।

उन्होंने आयुष्मान गोल्डन कार्ड में शाहजहांपुर की प्रगति संतोष जनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडी हेल्थ को निर्देश दिए कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित कर आयुष्मान गोल्डन कार्ड की प्रगति में सुधार लाते हुए शीघ्र प्रगति को बढ़ाया जाए। उन्होंने सीएचसी विसौली बदायूं, तिलहर शाहजहांपुर एवं पूरनपुर पीलीभीत में संस्थागत प्रसव लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडी हेल्थ को निर्देश दिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित कर सम्बंधित सीएचसी में शीघ्र प्रगति को बढ़ाया जाए।

मंडलायुक्त ने जल जीवन मिशन योजना के अन्तर्गत हर घर जल योजना जनपद पीलीभीत व बदायूं के टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) की प्रगति संतोष जनक न होने पर सम्बंधित कार्यदायी संस्था पीएनसी के विरूद्ध कार्यवाही हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीडीए सचिव को निर्देश दिए कि दुर्बल आय वर्ग के अवशेष आवासों को तत्काल आवंटन कराए जाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराएं। उन्होंने मंडल में वृहद गौ संरक्षण केन्द्रों को 30 नवम्बर, 2022 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर शीघ्र क्रियाशील कराए जाने को सम्बंधित अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने धान क्रय की समीक्षा में पाया कि 16 प्रतिशत प्रगति है जो कम है, जिसे तत्काल क्रय केन्द्रों पर डबल काटें लगाकर धान क्रय में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि धान विक्रय किसानों का भुगतान भी शीघ्र किया जाए।

मंडलायुक्त ने परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडल के मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो अधिक लागत की परियोजनाएं हैं जिनका निर्माण कार्य चल रहा है उनका निरीक्षण कर लें। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि अधिक लागत जो परियोजनाओं के निर्माण कार्य धनाभाव में कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं उसके लिए शासन से पत्राचार किया जाए। उन्होंने जनपद बरेली की तहसील नवाबगंज में अटल आवासीय बिल्डिंग का निर्माण कार्य की प्रगति कम होने पर एसी पीएमजीएसवाई को निर्देश दिए कि स्वयं निर्माण कार्य को निरीक्षण कर प्रगति को बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां पर निर्माण कार्य पूर्ण हो गए हैं उन्हें सम्बंधित विभाग को हैण्डओवर कर दिया जाए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों में सबसे कम प्रगति बदायूं की होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अवशेष सड़कों के कार्यों को 15 दिसम्बर, 2022 तक पूर्ण कर लिया जाए।

मंडलायुक्त को विद्युत विभाग ने अवगत कराया कि बरेली, पीलीभीत एवं बदायूं में 40 मीटर तक की दूरी के जो विद्यालय रह गए थे उन सभी विद्यालयों में विद्युतीकरण हो गया है। जनपद शाहजहांपुर के विद्यालयों में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शाहजहांपुर के विद्यालयों में शीघ्र विद्युतीकरण का कार्य कराया जाए।

40 मीटर से अधिक दूरी के विद्यालयों में विद्युतीकरण हेतु बरेली में 12 विद्यालय, बदायूँ में 25 विद्यालय, पीलीभीत में 34 विद्यालय तथा शाहजहांपुर में 82 विद्यालय शेष है। इनको दिसंबर तक पूर्ण कराया जाए।

बैठक में आईजी रेंज, सभी SSPs, जिलाधिकारी बरेली शिवाकान्त द्विवेदी, जिलाधिकारी बदायूं मनोज कुमार, जिलाधिकारी शाहजहांपुर उमेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी पीलीभीत प्रवीन कुमार लक्ष्यकार, अपर आयुक्त प्रशासन अरूण कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, बीडीए सचिव योगेन्द्र कुमार, मंडल के समस्त मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By Anup