भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेग्मेंट में लगातार नए प्लेयर्स की एंट्री हो रही है| जिससे ये सेग्मेंट और भी बढ़ता हुआ नजर आ रहा है| जहां एक तरफ दिग्गज दोपहिया कंपनियां लगातार नए मॉडलों को लॉन्च करने में लगे हैं वहीं स्टार्ट-अप्स ने इस सेग्मेंट को अलग ही रफ्तार दे रखा है| अब बेंगलुरु बेस्ड ओरक्सा एनर्जीज ने अपना पहला इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ओरक्सा मेंटिस (Orxa Mantis) लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 3.60 लाख रुपये तय की गई है|

अपने प्राइस सेग्मेंट में ये बाइक मुख्य रूप से Ultraviolette F77 के बेस वेरिएंट को टक्कर देती है| कंपनी का कहना है कि ये एक परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक बाइक है| जिसे ख़ास तौर पर रेसिंग एलिमेंट्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है| इस मोटरसाइकिल का लुक और डिज़ाइन बेहद ही शानदार है| ख़ासतौर पर बाइक की हेडलाइट हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करती है|

इस इलेक्ट्रिक बाइक का डिज़ाइन एक ख़ास प्रकार के कीड़े (Mantis) से प्रेरित है| जो कि बेहद ही फुर्तीला और तेज होता है| इसके फेस यानी कि हेडलाइट की डिज़ाइन में आपको इसकी झलक साफ तौर पर देखने को मिल सकती है| कंपनी ने इस बाइक को बेहद ही शॉर्प डिज़ाइन दिया है, जो कि बाइक को तेज रफ्तार में दौड़ने में मदद करता है|

यह वर्तमान में देश की सबसे फास्ट इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों में से एक है| कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस बाइक की एक्जेलरेशन और स्पीड इस प्रकार है|

स्पीड                  टाइम
0-100 kmph   8.9 सेकंड
0-20 kmph      2.7 सेकंड
20-100 kmph 6.2 सेकंड

इसमें एग्रेसिव फ्रंट फेस, शार्प फेयरिंग, स्कल्पटेड फ्यूल टैंक, स्प्लिट सीट दिया गया है| इसके अलावा डुअल टोन में सजी इस बाइक को दो रंगों में पेश किया है| जिसमें अर्बन ब्लैक और जंगल ग्रे कलर शामिल है|

किनारों पर बड़े बैटरी पैक को आसानी से देखा जा सकता है| कंपनी ने बैटरी को एक हाइब्रिड एल्यूमीनियम केस के भीतर लगाया है जिसमें IP67-रेटेड सेफ्टी दी जा रही है| यानी कि ये धूल, धूप या पानी से सुरक्षित है|

साइज की बात करें तो Orxa Mantis को कंपनी ने एक बेहतर परफॉर्मेंस बाइक का रूप दिया है| इसका कटिंग एड्ज डिज़ाइन इस बाकियों से अलग बनाता है| देखने में ये बाइक आपको कुछ हद तक केटीएम ड्यूक की याद दिला सकती है| इसके डायमेंशन इस प्रकार हैं-

व्हीलबेस                 1450 मिमी
सीट हाइट              815 मिमी
कर्ब वेट                 182 किग्रा
ग्राउंड क्लीयरेंस    180 मिमी

मेंटिस में 5 इंच का फुल-डिजिटल TFT डैशबोर्ड दिया गया है| जो कि कंपनी के लिनक्स-बेस्ड ऑपरेटिंग सिस्टम का उपयोग करता है| इंस्ट्रूमेंट कंसोल में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी भी मिलती है| आप अपने स्मार्टफोन को भी इस बाइक से कनेक्ट कर सकते है| यूजर को बाइक चलाते समय फोन नोटिफिकेशन, राइड एनालिटिक्स और नेविगेशन तक पहुंचने के लिए मेंटिस ऐप का उपयोग करना होगा|

इस इलेक्ट्रिक बाइक में ऑल-एलईडी सेटअप दिया गया है| जिसमें मेंटिस-इंस्पायर्ड ट्विन प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैंप भी शामिल है| बता दें कि, इसका डिज़ाइन मेंटिस (एक कीड़ा) से प्रेरित है और इसका नाम भी उसी से लिया गया है|

बैटरी की बात करें तो कंपनी ने ओरक्सा मेंटिस में 8.9 kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है| जो लिक्विड-कूल्ड BLDC मोटर को पावर देता है| ये देश का पहला लिक्विड-कूल्ड सेटअप वाला इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन है|

ये इलेक्ट्रिक मोटर 20.5 किलोवाट (27.5 एचपी) अधिकतम पावर और 93 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है| इसकी टॉप स्पीड 135 किमी/घंटा है, जबकि 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ने में इसे 8.9 सेकंड का समय लगता है|

इस इलेक्ट्रिक बाइक में बेल्ट ड्राइव सिस्टम दिया गया है| इसके अलावा इसमें रिजेनरेटिंग ब्रेकिंग और साइड स्टैंड सेंसर भी शामिल हैं| बाइक का ग्राउंड क्लीयरेंस 180 मिमी है और वजन 182 किलोग्राम है| यह देखने में थोड़ा भारी लगता है| लेकिन फिर भी यह 197 किलोग्राम वजन वाले अल्ट्रावायलेट F77 से हल्का है|कंपनी का दावा है कि, मेंटिस सिंगल चार्ज में 221 किमी की रेंज देती है|

Orxa Mantis की कीमत में 1.3 किलोवाट का स्टैंडर्ड चार्जर शामिल है| यूजर्स के पास 3.3 किलोवाट ब्लिट्ज चार्जर खरीदने का विकल्प मिलता है| फास्ट चार्जर की कीमत अभी सामने नहीं आई है| दोनों चार्जर को पोर्टेबल यूनिट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है या दीवार पर लगाया जा सकता है| कंपनी का दावा है कि, 1.3 kW वाले चार्जर से इस बाइक की बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में 5 घंटे का समय लगता है| जबकि, 3.3kW के ब्लिट्ज चार्जर से इसकी बैटरी महज 2.5घंटे में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है|

सिंगल चैनल एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) से लैस इस बाइक में 17 इंच का अलॉय व्हील दिया गया है| इसके फ्रंट में 320 मिमी डिस्क और पिछले पहिए में 230 मिमी का डिस्क ब्रेक मिलता है| इस बाइक की बुकिंग कंपनी के ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से 10 हजार रुपये में की जा सकती है| बाद में इसका बुकिंग अमाउंट बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया जाएगा| कंपनी इस बाइक की डिलीवरी अप्रैल 2024 से शुरू करने की तैयारी में है| कंपनी Orxa Mantis इलेक्ट्रिक बाइक के मोटर और बैटरी पर 3 साल या 30,000 किलोमीटर तक की वारंटी दे रही है|