उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल से जुड़े मामले में पुलिस ने एक बड़ी साजिश का खुलासा किया है। बवाल के चश्मदीद गवाह की हत्या की सुपारी देने के आरोप में पुलिस ने पीलीभीत के रहने वाले शातिर बदमाश फुरकान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सुपारी के 20 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
गवाही देने की रंजिश में रची गई साजिश
दरअसल थाना बारादरी क्षेत्र के चक महमूद मोहल्ला निवासी मोहम्मद फिरदौस खां उर्फ अंजुम ने 2 जनवरी 2026 को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए बवाल के दौरान उन्होंने पुलिस का सहयोग किया था और कई आरोपियों की पहचान कराई थी। इसी बात को लेकर बवाल के आरोपियों से उनकी रंजिश चल रही थी।
फिरदौस का आरोप है कि बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा की पार्टी के महानगर अध्यक्ष और पार्षद अनीस सकलैनी, उसके परिवार और पार्टी से जुड़े लोग उनसे दुश्मनी रखने लगे। 18 दिसंबर 2025 को अनीस सकलैनी का बेटा अदनान अपने साथियों के साथ फिरदौस को चमगादड़ वाले बाग के पास मिला और उसे घेरकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दो दिन के अंदर रुपये देने की मांग भी की गई।
26 दिसंबर को एक परिचित ने फिरदौस को जानकारी दी कि उसकी हत्या के लिए पीलीभीत के रहने वाले बदमाश फुरकान को पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई है। इसके बाद फिरदौस के पास अलग-अलग नंबरों से लगातार फोन आने लगे। धमकियों के चलते फिरदौस और उसका परिवार दहशत में आ गया। मजबूर होकर पीड़ित ने थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई।
पांच लाख की सुपारी, परिवार में फैला डर
पुलिस ने मुकदमा संख्या 11/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 352, 351(3), 308(4), 11(3) और 61(2) के तहत 12 लोगों को नामजद किया।
कॉन्ट्रैक्ट किलर गिरफ्तार, तमंचा बरामद
विवेचना के दौरान 3 जनवरी 2026 को पुलिस ने नकटिया क्षेत्र से कॉन्ट्रैक्ट किलर फुरकान पुत्र अब्दुल माजिद, निवासी ग्यासपुर थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के किराए के कमरे से उसकी पत्नी की मौजूदगी में एक थैले से 20 हजार रुपये नकद, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामदगी के बाद आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और साजिश में शामिल अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

