पश्चिम एशिया में जंग की आहट,इस्राइल का ईरान पर बड़ा हमला तेहरान समेत कई शहरों में धमाके, आपातकाल घोषित

पश्चिम एशिया में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इस्राइल और ईरान के बीच तनाव अब खुली टकराव की ओर बढ़ता दिख रहा है। खबर है कि इस्राइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई ठिकानों पर रॉकेट से हमला किया है। तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई और कई जगहों पर आसमान में धुआं उठता देखा गया।बताया जा रहा है कि यह हमला पहले से मिली चेतावनियों के बाद किया गया है। इस्राइल का कहना है कि उसे अपने ऊपर बड़े हमले की आशंका थी, इसलिए उसने पहले ही कार्रवाई की। इसे “पूर्वव्यापी हमला” कहा जा रहा है, यानी दुश्मन के वार से पहले ही जवाबी कदम उठाना।

तेहरान में दहशत, लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह

हमले के बाद तेहरान के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह के समय तेज धमाके हुए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। शहर के डाउनटाउन इलाके में धुएं का गुबार साफ देखा गया।

वहीं इस्राइल में भी सायरन बजने लगे हैं। सरकार ने आशंका जताई है कि ईरान जवाबी हमला कर सकता है। लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों में जाने की सलाह दी गई है। स्कूल और कई दफ्तर बंद कर दिए गए हैं।

इस्राइल में आपातकाल लागू

इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने पूरे देश में “विशेष और स्थायी आपातकाल” घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि सेना और सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त अधिकार मिल गए हैं और देश पूरी तरह अलर्ट पर है।

दुनिया के कई देश हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अगर दोनों देशों के बीच सीधा युद्ध शुरू होता है, तो इसका असर सिर्फ पश्चिम एशिया ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। तेल की कीमतों से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यापार तक पर इसका असर दिख सकता है।

फिलहाल दोनों देशों की ओर से बयानबाजी तेज है। आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, इस पर सबकी नजर टिकी हुई है।