बरेली में कांवड़ियों पर आसमान से बरसे फूल, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होते ही गूंजा ‘बम-बम भोले

उत्तर प्रदेश के नार्थ नगरीबरेली में सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली में कांवड़ियों का स्वागत खास अंदाज में किया गया। सोमवार सुबह पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग पर चल रहे शिवभक्तों पर फूल बरसाए गए। आसमान से फूलों की बारिश होते ही कांवड़ियों में उत्साह भर गया। चारों तरफ ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजने लगे। सड़क किनारे खड़े लोगों ने भी इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। सुबह करीब 10 बजे पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। इसमें करीब 20 क्विंटल फूल रखे गए थे। हेलीकॉप्टर में कमिश्नर शंभू कुमार और डीआईजी अजय कुमार साहनी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। हेलीकॉप्टर ने सबसे पहले बाबा वनखंडी नाथ मंदिर का रुख किया। मंदिर परिसर के ऊपर पहुंचने के बाद शिवभक्तों और मंदिर परिसर में पुष्प वर्षा की गई।

कांवड़ियों के ऊपर पहुंचते ही बरसने लगे फूल

बाबा वनखंडी नाथ मंदिर के बाद हेलीकॉप्टर कांवड़ मार्ग की ओर गया। रास्ते में कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों के ऊपर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। अचानक आसमान से फूल गिरते देख कांवड़िए भी उत्साहित हो गए। कई कांवड़ियों ने हाथ उठाकर हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। कुछ जगहों पर कांवड़ियों ने रुककर इस नजारे को देखा और मोबाइल से वीडियो भी बनाया। सड़क किनारे मौजूद लोग भी काफी देर तक आसमान की ओर देखते रहे। हेलीकॉप्टर के नीचे से गुजरते ही फूलों की बारिश शुरू होती और कांवड़ मार्ग पर भक्ति का माहौल और गहरा जाता। कई लोगों ने हाथ जोड़कर भगवान शिव का अभिवादन किया।

सातों नाथ मंदिरों से कछला घाट तक नजर

सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली में कांवड़ियों की बड़ी संख्या में आवाजाही रही। शहर के सातों नाथ मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कांवड़िए कछला घाट से गंगाजल लेकर अपने-अपने शिव मंदिरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के साथ अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण भी किया। ऊपर से रास्तों की स्थिति, कांवड़ियों की भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी गई। जहां भी भीड़ ज्यादा दिखाई दी, वहां पुलिसकर्मियों को व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए।

कछला घाट पर भी होगी पुष्प वर्षा

बरेली में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने के बाद हेलीकॉप्टर कछला घाट की ओर भी जाएगा। वहां गंगा घाट और कांवड़ियों के बीच भी फूलों की वर्षा कर शिवभक्तों का स्वागत किया जाएगा। प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा का नजारा देखते ही देखते लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो और तस्वीरें सामने आने लगीं। सावन के तीसरे सोमवार पर बरेली में कांवड़ियों के स्वागत का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।