2027 चुनाव से पहले अखिलेश यादव और इमरान मसूद में बढ़ी तकरार, सपा MLC शाहनवाज खान बने सियासी विवाद की वजह सहारनपुर देहात से आशु मलिक को फिर टिकट

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। दोनों दल भले ही गठबंधन की बात कर रहे हों, लेकिन नेताओं के बीच अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। इस पूरे विवाद के केंद्र में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं। मामला सिर्फ विधानसभा सीटों के बंटवारे का नहीं है, बल्कि सहारनपुर की राजनीति में एक विधान परिषद सदस्य के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।दरअसल, समाजवादी पार्टी के MLC शाहनवाज खान को सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का ऐलान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया था। इमरान के इस ऐलान के बाद सपा के स्थानीय नेताओं में नाराजगी की चर्चा शुरू हो गई थी। अब समाजवादी पार्टी ने 2027 के चुनाव के लिए सहारनपुर देहात सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक को दोबारा उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इस फैसले को इमरान मसूद की राजनीतिक दावेदारी के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।

इमरान मसूद ने मंच से किया था शाहनवाज को चुनाव लड़ाने का ऐलान

इस राजनीतिक कहानी की शुरुआत मई 2025 से मानी जा रही है। उस समय इमरान मसूद ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शाहनवाज खान को सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की बात कही थी। शाहनवाज खान उस समय समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य थे। खास बात यह थी कि सहारनपुर देहात सीट पर पहले से ही सपा के आशु मलिक विधायक हैं। ऐसे में इमरान मसूद का यह ऐलान सपा के मौजूदा विधायक की दावेदारी के सामने नई चुनौती के रूप में देखा गया। इमरान ने शाहनवाज को चुनाव लड़ाने की बात कहने के साथ सपा के स्थानीय नेताओं को भी चुनौती दी थी। उनके बयान के बाद सहारनपुर की राजनीति में हलचल मच गई थी। इस मामले में आशु मलिक ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इमरान मसूद के बयानों का जवाब दिया था। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी ने सियासी विवाद को और बढ़ा दिया।

2022 में अखिलेश ने ही शाहनवाज को बनाया था MLC

इस पूरे मामले में दिलचस्प बात यह है कि शाहनवाज खान को विधान परिषद सदस्य बनाने का फैसला खुद अखिलेश यादव ने लिया था। वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी ने उन्हें विधान परिषद भेजा था। शाहनवाज के पिता सरफराज खान भी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और पूर्व मंत्री रह चुके हैं।सरफराज खान की आजम खान से भी नजदीकी रही है। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते शाहनवाज को सपा में मजबूत पहचान मिली थी। लेकिन बाद में शाहनवाज की सक्रियता इमरान मसूद के साथ बढ़ती दिखाई देने लगी।बताया जाता है कि इमरान मसूद की गैरमौजूदगी में शाहनवाज उनके राजनीतिक और स्थानीय कामकाज को भी संभालने लगे थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और इमरान ने उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर खुलकर पैरवी शुरू कर दी।

अखिलेश का जवाब भी बना चर्चा का विषय

शाहनवाज खान की इमरान मसूद के साथ बढ़ती नजदीकी को लेकर जब अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने भी अपने अंदाज में जवाब दिया था। अखिलेश ने कहा था कि बदल देंगे और जो नया आएगा, वह दिखाई देगा। उनके इस बयान को शाहनवाज खान को लेकर पार्टी के भीतर नाराजगी के संकेत के रूप में देखा गया।
अब सपा ने सहारनपुर देहात से आशु मलिक को दोबारा टिकट देकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। वहीं, कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी विवाद बढ़ रहा है। इमरान मसूद लगातार कांग्रेस की राजनीतिक हिस्सेदारी की बात उठा रहे हैं। 2027 के चुनाव से पहले सहारनपुर की यह सियासत अब गठबंधन की राजनीति के लिए भी अहम बनती जा रही है। सवाल यह है कि क्या कांग्रेस और सपा अपने मतभेद दूर कर साथ चुनाव लड़ पाएंगे या फिर सहारनपुर की यह खींचतान गठबंधन के रिश्तों में और दूरी बढ़ाएगी। आने वाले दिनों में दोनों दलों के नेताओं के फैसले पर सभी की नजर रहेगी।