भारत और नेपाल के बीच धार्मिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम को रेल मार्ग से जोड़ने की तैयारी है। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। अब अयोध्या से जनकपुर धाम तक पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो सकेगा। इस ट्रेन का उद्घाटन 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह हरी झंडी दिखाकर करेंगे। रेलवे की इस पहल को भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाला बड़ा कदम माना जा रहा है। आम यात्रियों के लिए नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
604 किलोमीटर का सफर, 19 घंटे में पहुंचेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से शुरू की जा रही इस ट्रेन का नाम जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस रखा गया है। यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। सफर पूरा करने में लगभग 19 घंटे लगेंगे। ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। इस ट्रेन का रूट उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगा। इसके प्रमुख ठहराव अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर होंगे। इसके बाद ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट आने वाली ट्रेन संख्या 15595 शनिवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वहीं, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम जाने वाली ट्रेन संख्या 15596 सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
17 कोच होंगे, बिना कन्फर्म टिकट नहीं कर सकेंगे सफर
इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें आठ एसी और सात स्लीपर कोच होंगे। एसी श्रेणी में छह थर्ड एसी और दो सेकेंड एसी कोच शामिल रहेंगे। इस ट्रेन में जनरल कोच नहीं होगा। इसके अलावा आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है। यानी यात्रियों को सफर के लिए कन्फर्म टिकट लेना होगा।भारत और नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के कारण बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के जरूरी दस्तावेजों की जांच भी होगी। यहां ट्रेन को कुछ समय के लिए रोका जाएगा। भारतीय यात्रियों को नेपाल जाने के लिए वैध पासपोर्ट या चुनाव आयोग की ओर से जारी मूल वोटर आईडी साथ रखनी होगी। यात्रा से पहले जरूरी दस्तावेजों के नियमों की जानकारी जरूर कर लेनी चाहिए।
धार्मिक पर्यटन के साथ कारोबार को भी मिलेगा फायदा
अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली यह ट्रेन सिर्फ दो धार्मिक शहरों के बीच सफर आसान नहीं करेगी, बल्कि दोनों देशों के लोगों को भी करीब लाएगी। अयोध्या में राम मंदिर और जनकपुर धाम में माता सीता से जुड़े धार्मिक स्थलों के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
ट्रेन शुरू होने से दोनों जगह आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे होटल, दुकान, स्थानीय बाजार, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिल सकता है। इसके अलावा नेपाल और भारत के बीच पढ़ाई, व्यापार और परिवारों से मिलने के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी एक नया रेल विकल्प मिलेगा।भारत और नेपाल के बीच पहले से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्ते रहे हैं। अब रेल संपर्क इन रिश्तों को और मजबूत करने में मदद करेगा। इस सेवा को दोनों देशों के बीच दोस्ती और आपसी सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
