लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद प्रदेश की मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं। अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिसमें मतदाताओं का धर्म या जाति दर्ज की जाती हो। ऐसे में आयोग धर्म के आधार पर वोटरों की संख्या का विश्लेषण नहीं करता है।दरअसल रिणवा ने मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि मतदाता सूची में केवल नाम, उम्र, परिवार के सदस्य से संबंध, घर का नंबर और लिंग जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं। इसमें धर्म और जाति का कोई कॉलम नहीं होता। इसलिए आयोग के पास हिंदू या मुस्लिम मतदाताओं की अलग-अलग संख्या बताने का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
योगी के दावे के बाद बढ़ी थी राजनीतिक हलचल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची में नाम गायब होने का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि करीब 1.27 करोड़ ऐसे हिंदू मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में तो दर्ज थे, लेकिन चुनाव आयोग की सूची में नहीं मिले। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत बढ़ोतरी का भी दावा किया था।योगी ने इस मामले में चुनाव आयोग से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी। उनका कहना था कि मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियों को गंभीरता से देखने की जरूरत है। इस बयान के बाद प्रदेश में भाजपा और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई थी।
नई वोटर लिस्ट में 13.58 करोड़ से ज्यादा मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत प्रदेश की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है। 10 अप्रैल को जारी पिछली सूची में 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। यानी इस दौरान 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। नई सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। 18 से 19 साल की उम्र वाले 11 लाख 83 हजार 352 युवा भी सूची में दर्ज हैं। रिणवा ने बताया कि प्रदेश की अनुमानित आबादी और मतदाता सूची में दर्ज लोगों की संख्या के बीच भी अंतर है। अनुमान के मुताबिक, प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र के करीब 16.16 करोड़ लोग हैं, जबकि ड्राफ्ट सूची में 13.58 करोड़ से ज्यादा मतदाता दर्ज हैं। इस अंतर को देखते हुए नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और गलती सुधारने का मौका
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। किसी नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।इसके अलावा 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। लोग वहां जाकर अपना नाम और अन्य जानकारियां जांच सकेंगे। निर्वाचन विभाग का विशेष जोर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर है।अधिकारियों के मुताबिक, दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। ऐसे में जिन लोगों को अपने नाम को लेकर कोई परेशानी है, उनके पास अभी आवेदन करने का मौका है।
