भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के बरेली में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर का तापमान करीब 40 डिग्री तक पहुंच चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में 7 से 8 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग दिन-रात हाथों से पंखा झलकर गुजारने को मजबूर हैं। छोटे बच्चे गर्मी से बेहाल हैं और रातभर लोग सो नहीं पा रहे। बिजली विभाग के अधिकारियों पर फोन न उठाने और शिकायतों को नजरअंदाज करने के आरोप लग रहे हैं। स्वाभिमान टीवी की टीम ने शहर के कई इलाकों का दौरा कर लोगों की परेशानियों को करीब से देखा। बिहारीपुर इलाके में लोग दुकानों और पेड़ों के नीचे बैठे हाथ से पंखा झलते नजर आए। लोगों का कहना था कि पूरी-पूरी रात बिजली नहीं आती, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है। घरों में कूलर और पंखे होने के बावजूद बिजली न होने से सब बेकार साबित हो रहे हैं।
देखिए स्वाभिमान टीवी की रिपोर्ट रातभर जाग रहे लोग, गर्मी से बिलबिला रहे बच्चे
मालूकपुर और चमन मठिया इलाके में भी हालात बेहद खराब देखने को मिले। कई महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों को लेकर जमीन पर चटाई बिछाकर बैठी थीं और हाथ से बने पंखों से बच्चों को हवा कर रही थीं। महिलाओं ने बताया कि रात में बिजली गायब रहती है और दिन में भी घंटों कटौती की जा रही है। घरों के अंदर इतनी गर्मी हो जाती है कि बैठना तक मुश्किल हो जाता है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन या तो कॉल रिसीव नहीं हुई या फोन बंद मिला। लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार 24 घंटे बिजली देने के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
देखिए स्वाभिमान टीवी की रिपोर्ट ट्रांसफॉर्मर फुंका तो सड़क पर उतरे लोग, लगाया जाम
वहीं बरेली के शांति विहार इलाके में ट्रांसफॉर्मर फुंकने से पिछले दो दिनों से बिजली पूरी तरह ठप हो गई। करीब 500 से ज्यादा आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर हो गई। बिजली न आने से पानी का संकट भी गहरा गया और लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।
महिलाएं, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तब जाकर विभाग हरकत में आया और नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही इलाके में ट्रांसफॉर्मर बार-बार फुंक रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग पहले से कोई तैयारी नहीं करता। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्वाभिमान टीवी ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। फिलहाल शहर के कई इलाकों में लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
