राहुल गांधी अपनी नाकामी छिपाने के लिए देश में फैला रहे भ्रम, फोन टैपिंग का आरोप इसी एजेंडे का हिस्सा कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बरेली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने के राहुल गांधी के आरोप को कांग्रेस की नाकामी छिपाने की कोशिश बताया। मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी देश में भ्रम फैलाकर समाज के लोगों के बीच अविश्वास पैदा कर रहे हैं। कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस आज देश में कमजोर स्थिति में पहुंच चुकी है। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों के सहारे सीटें हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या उसका नेतृत्व है। राहुल गांधी अपनी पार्टी की असफलताओं पर बात करने के बजाय ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं, जिनसे जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एजेंडा नकारात्मक राजनीति करना है। देश की संवैधानिक संस्थाओं और सरकार के खिलाफ लगातार सवाल खड़े करना इसी राजनीति का हिस्सा है।

SIR को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

बरेली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान शहर और कैंट क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा वोट कटने के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह कोई राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। आयोग की ओर से मतदाता सूची को सही करने का काम किया जा रहा है। इसमें जिन लोगों के नाम गलत तरीके से शामिल हैं, उन्हें हटाया जाएगा और जो पात्र मतदाता सूची से बाहर रह गए हैं, उनके नाम जोड़े जाएंगे।उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके फॉर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे ऐसे लोगों की मदद करें, जो किसी वजह से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से दूसरे राज्यों के वोट उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में जोड़ने के आरोप पर भी मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस चुनाव आयोग, ईवीएम और दूसरी संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाती रहती हैं। जब ये दल चुनाव जीतते हैं तो उन्हें कोई परेशानी नहीं होती, लेकिन हारने के बाद संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने लगते हैं।

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर बोले सीजनल राजनीति

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और व्यक्ति को अपनी विचारधारा के आधार पर जनता के बीच जाने का अधिकार है। कोई भी दल किसी के साथ गठबंधन कर सकता है, लेकिन ऐसे गठबंधनों का राजनीतिक असर चुनाव के समय ही सामने आता है। उन्होंने इस गठबंधन को सीजनल राजनीति बताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कई तरह के गठबंधन बनते हैं और बाद में टूट भी जाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए बनाए गए गठबंधनों को जनता ज्यादा महत्व नहीं देती। उत्तर प्रदेश की जनता विकास और काम के आधार पर अपना फैसला करती है।

2027 के चुनाव को लेकर भाजपा ने शुरू की तैयारी

आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। पार्टी में बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक लगातार बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहते हैं। पार्टी सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा और रिपोर्ट कार्ड लेकर लोगों के बीच जाएगी। सरकार ने जो योजनाएं चलाई हैं और विकास के जो काम किए हैं, उन्हें जनता को बताया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि संगठन की मजबूती और सरकार के काम के आधार पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी।