यूपी चुनाव 2027 काजू-किशमिश पर भिड़े अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक, सोशल मीडिया पर छिड़ी जुबानी जंग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है। अब चुनावी चर्चाओं में काजू, किशमिश और बादाम भी शामिल हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर तंज कसा। इसके बाद ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव का वीडियो शेयर करते हुए पलटवार किया पूरा मामला सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ। अखिलेश यादव ने 1 अक्टूबर को ब्रजेश पाठक का एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में ब्रजेश पाठक हेलिकॉप्टर में बैठे नजर आ रहे हैं। उनके पास रखी टेबल पर काजू और मखाना दिखाई दे रहा था। वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा- मुखिया हैं बेसुध-बेकाबू, आजू-बाजू खा रहे काजू

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव का वीडियो शेयर कर दिया जवाब

अखिलेश यादव की पोस्ट के बाद शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का एक वीडियो शेयर किया। इसमें अखिलेश यादव अपने सहयोगियों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। सामने टेबल पर काजू, किशमिश, बादाम, ड्राई फ्रूट्स और मिठाई रखी दिखाई दे रही है। वीडियो में अखिलेश यादव इनमें से कुछ खाते हुए भी नजर आते हैं। इसी वीडियो को शेयर करते हुए ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि मेज पर काजू, किशमिश, बादाम और कई तरह के व्यंजन हैं। उन्होंने इसे सियासत के दिखावे और ठाट-बाट से जोड़ते हुए निशाना साधा।

सोशल मीडिया पर आमने-सामने आए दोनों नेता

दोनों नेताओं की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा में आ गया। खास बात यह है कि दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के वीडियो को आधार बनाकर जवाब दिया। पहले अखिलेश यादव ने ब्रजेश पाठक के हेलिकॉप्टर वाले वीडियो को लेकर सवाल उठाया, फिर ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव का वीडियो शेयर कर पलटवार किया। वही ब्रजेश पाठक की ओर से शेयर किया गया अखिलेश यादव का वीडियो पुराना बताया जा रहा है। इस पर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने भी वीडियो के पुराने होने को लेकर सवाल उठाए।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। इसी बीच दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई यह सोशल मीडिया तकरार अब काजू-किशमिश और बादाम के मुद्दे तक पहुंच गई है।