उत्तर प्रदेश के बरेली में आला हजरत के 108वें उर्स-ए-रजवी का शनिवार को कुल शरीफ की रस्म के साथ समापन हो गया। आखिरी दिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन बरेली पहुंचे। सुबह से ही इस्लामिया ग्राउंड, मथुरापुर और दरगाह की ओर जाने वाले रास्तों पर जायरीनों का सैलाब नजर आया। दोपहर 2 बजकर 38 मिनट पर कुल की रस्म अदा की गई। इसके बाद जायरीनों की वापसी शुरू हुई तो शहर के प्रमुख रास्तों और चौराहों पर भीड़ बढ़ गई।उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा ने संभाली। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
6 कंपनी PAC, चार जिलों की फोर्स और सैकड़ों पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा
लाखों जायरीनों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए 6 कंपनी PAC और चार जिलों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बरेली में तैनात किया गया। उर्स क्षेत्र को चार सुपर जोन, आठ जोन और 29 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।प्रमुख चौराहों, दरगाह मार्ग, उर्स स्थल और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती रही। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया, ताकि भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। रिजर्व फोर्स को भी तैयार रखा गया था।
पुलिस लाइन के I-CCC से चप्पे-चप्पे पर नजर
उर्स की सुरक्षा में इस बार तकनीक का भी बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया गया। पुलिस लाइन में बनाए गए I-CCC यानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से CCTV कैमरों के जरिए शहर की लगातार निगरानी की गई। कंट्रोल रूम में बैठे कर खुद बरेली जोन एडीजी रमित शर्मा ने नजर रखी भीड़ वाले स्थानों, प्रमुख रास्तों और संवेदनशील इलाकों पर नजर बनी रही। कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर संबंधित टीम को तत्काल सूचना देने की व्यवस्था की गई।इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भीड़ का आकलन किया गया। ड्रोन के जरिए यह देखा गया कि किस स्थान पर जायरीनों की संख्या ज्यादा है और कहां अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत पड़ सकती है। साथी ही बरेली के डीआईजी अजय साहनी कमिश्नर, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक भी निगरानी करते दिखाई दिए।
सावन में शाकाहारी बिरयानी बनी चर्चा
उर्स के दौरान लंगर में परोसी गई शाकाहारी बिरयानी भी चर्चा में रही। सावन का महीना होने के चलते जायरीनों को शाकाहारी बिरयानी परोसी गई। बाहर से आए जायरीनों ने इसे पसंद किया और पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था की भी तारीफ की। जायरीनों ने कहा कि सावन चल रहा है और हिंदू भाइयों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शाकाहारी खाना अच्छा लगा। उनके मुताबिक यह आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है।
