गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड के बाद अब यूपी में यूनिफॉर्म सिविल कोड की तैयारी

बरेली, 30 अक्टूबर। यूनिफॉर्म सिविल कोड की चर्चा एक बार फिर से शुरू हो गई है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर यूसीसी ने जोर पकड़ लिया है। वही इसका विरोध भी शुरू हो गया है। केजरीवाल ने इसका विरोध भी किया है। अखिलेश यादव पहले ही यूसीसी का विरोध कर चुके है। मुस्लिम संगठन भी इसका विरोध कर रहे है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के बयान से ऐसा लगता है कि अब यूपी में यूनिफॉर्म सिविल कोड की तैयारी है। बरेली में उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सबकी अपेक्षा है कि सरकार इसे पूरा करें बाकी निर्णय सरकार को लेना है।

गुजरात और हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपना तुरुप का इक्का चल दिया है। भाजपा ने दोनो राज्यों में चुनाव से पहले यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की कवायद शुरू कर दी है। वही इस बीच विशाल चितांश समागम कायस्थ वैवाहिक परिचय सम्मेलन में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी से जब पत्रकारों ने सवाल किया की गुजरात और हिमाचल में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की कवायद शुरू हो चुकी है क्या यूपी में भी इसे लागू किया जाएगा तो उन्होंने कहा कि लंबे समय से भाजपा यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात करती रही है, ये खुशी की बात है कि भाजपा शासित राज्यों में इस कानून को लाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में सबकी अपेक्षा है कि सरकार इसे पूरा करें बाकी निर्णय सरकार को लेना है।

मायावती द्वारा चुनाव में 545 करोड़ चंदे को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए किए गए ट्वीट पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मायावती दौलत की बेटी है। उन पर टिकट बेचने के आरोप, भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके है। मायावती के बारे में इससे ज्यादा बेहतर लोग क्या जानते है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, भाजपा की सरकार, भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि एक पारदर्शी व्यवस्था के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे है। साढ़े 8 साल केंद्र सरकार में एक भी भ्रष्टाचार के आरोप किसी राजनैतिक व्यक्ति पर, सरकार में बैठे चाहे संगठन में बैठे किसी पर भी नही लगे, उससे पहले क्या होता था ये सभी जानते है। योगी जी की सरकार में भी कोई भ्रष्टाचार नही है।

निकाय चुनाव पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि नगर निगम , नगर पालिका, नगर पंचायत की संगठनात्म योजना बनाई है। चुनाव से पहले के काम और चुनाव के बाद के काम सारे कार्यकर्ता करेंगे। इस बार हम सभी 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका जीतेंगे।

By Anup

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *