आशीर्वाद टावर में लगी भीषण आग, 14 की जलकर हुई मौत, कई की हालत गंभीर

 

झारखंड, 31 जनवरी। झारखंड के धनबाद से दिल दहला देने वाली खबर आ रही है। जहां शादी वाले घर में आग लगने से कई लोगों के मरने की सूचना है। जबकि कई लोग आग से बुरी तरह झुलस गए हैं। आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

दरअसल झारखंड के धनबाद में 10 मंजिला आशीर्वाद टॉवर में चौथी मंजिल पर रहने वाले परिवार के घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। सभी नाते रिश्तेदार आए हुए थे और सभी लोग खुशियों में नाच गा रहे थे। बताया जाता है इसी दौरान गैस सिलेंडर फट गया, जिसके बाद आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में कई अपार्टमेंट्स को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद वहां पर की पुकार मच गई। हर और हाहाकार मच गई।

अपार्टमेंट्स के लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन जिस चौथी मंजिल पर आग लगी थी वहां से लोग नहीं निकल सके। फौरन पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। जिसके बाद दमकल की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। धनबाद के पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू किया गया। इस दौरान बताया जाता है कि वहां पर 40 से 50 लोग मौजूद थे। दमकल की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान 8 महिलाओ, 4 बच्चों समेत 14 लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 लोग बुरी तरह से झुलस गए। जिनको दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पतालों में भिजवाया। वही झारखंड के मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने फौरन अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य किए जाएं। उन्होंने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया है। आग के तांडव से सब कुछ जलकर राख हो गया है। हर ओर मातम पसरा हुआ है।

By Anup