उत्तर प्रदेश के औरैया में सोने की ईंट के नाम पर महिलाओं से तीन अज्ञात लोगों ने ठगी कर ली| ठगों ने महिलाओं के जेवरात ले लिए और सोने जैसी चमकती ईंट उन्हें दे दी| महिलाओं ने जब ईंट को चेक कराया तो उनके होश उड़ गए| इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई| सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की| पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है|

यह घटना औरैया बिधूना कोतवाली के किशनी रोड की है| यहां मैनपुरी के कुरावली की रहने वाली नीलम देवी अपनी बुआ कुशमा के साथ बिधूना तहसील के पसी पुरवा जा रही थीं| रास्ते में भगत सिंह चौराहे के पास नीलम और कुशमा बस से उतरीं, तभी दो युवक उनके पास पहुंचे| युवकों ने उनसे पूछा कि कहां जाना है| इस पर नीलम ने कहा कि पसी पुरवा जाना है| युवकों ने कहा कि हम भी वहीं जा रहे है|

नीलम और उसकी बुआ के साथ बातें करते हुए युवकों ने दोनों को बहकावे में ले लिया| एक लड़के ने सोने जैसी दिखने बाली ईंट गिराकर कहा कि मुझे ईंट मिल गई| इसके बाद महिलाओं को लालच दिखाकर झांसे में ले लिया. युवकों ने कहा इसमें चार हिस्से होंगे| इसके बाद युवक दोनों महिलाओं को ई रिक्शा से किशनी रोड की तरह ले गए|थोड़ी दूर जाकर युवकों ने महिलाओं से उनके जेवरात ले लिए और उन्हें सोने जैसी दिख रही ईंट थमा दी|

इसके बाद महिलाएं ईंट लेकर जब चेक कराने पहुंचीं तो उनके होश उड़ गए| वह ईंट सोने की नहीं थी| इसके बाद महिलाओं ने बिधूना कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी| पुलिस ने तहरीर लेकर ठगों की तलाश शुरू कर दी| पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है|

पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि नीलम नाम की महिला ने लिखित तहरीर दी थी| वह अपने घर से अपनी बुआ कुशमा के साथ बिधूना जा रही थी| रास्ते में दो लड़के मिले| उन्होंने बातों में फंसाकर 50 ग्राम की सोने जैसी धातु जमीन पर गिरा दी| एक ने उसे उठा लिया और कहा मुझे दस लाख की ईंट मिल गई| एक ने कहा कि एक सुनार मेरा रिश्तेदार है, वहीं बेच देंगे|

इसके बाद दोनों युवकों ने नीलम देवी व कुशमा से कहा कि हम आप लोगों को दस लाख का सामान दे रहे| आप लोग हमको कुछ दे दीजिए| फिर इन लोगों ने ईंट के बदले वास्तविक ज्वेलरी स्वेच्छा अनुसार उन अज्ञात लड़कों को दे दी| तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे है| जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा|