Asian games 2023: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2023 में इतिहास रच दिया है| हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है| फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराया| इससे पहले 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला टीम को सिल्वर मेडल मिला था|

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार एशियन गेम्स में उतरी और गोल्ड मेडल जीत लिया| एशियन गेम्स 2023 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 19 रन से हराया| इससे पहले महिला टीम ने पिछले साल कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था| इस तरह से भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स दोनों में मेडल जीतने वाली पहली टीम बन गई है| फाइनल में भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 116 रन बनाए| स्मृति मंधाना ने 46 तो जेमिमा रोड्रिग्ज ने 42 रन बनाए| जवाब में श्रीलंका की टीम 8 विकेट पर 97 रन ही बना सकी| तेज गेंदबाज तितास साधू ने 3 विकेट झटके| बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया|

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. ओपनर बल्लेबाज शेफाली वर्मा 15 गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हुईं| इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्ज ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़क स्काेर को 89 रन तक पहुंचाया| मंधाना 45 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुईं| 4 चौका और एक छक्का जड़ा| हालांकि अंतिम 5 ओवरों में भारतीय बैटर्स कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके| अंतिम 30 गेंद पर सिर्फ 27 रन बने और 5 विकेट भी गिरे| जेमिमा रोड्रिग्ज ने 40 गेंद पर 42 न बनाए| 5 चौके जड़े श्रीलंका की ओर से 3 गेंदबाजों को 2-2 विकेट मिले|

8 गेंद पर झटके 3 विकेट

18 साल की तेज गेंदबाज तितास साधू ने भारतीय टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई| उन्होंने अपने पहले ओवर में 2 जबकि दूसरे ओवर में एक विकेट लिया| उन्होंने पहली 8 गेंद पर 3 विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया| आक्रामक बैटर और श्रीलंका टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू ने तेज शुरुआत की| लेकिन वे 12 गेंद पर 12 रन बनाकर तितास का शिकार हुईं| एक चौका और एक छक्का जड़ा| इसके बाद हसिनी परेरा ने 22 गेंद पर 25 रन बनाकर स्कोर को 50 रन तक पहुंचाया| हसिनी खतरनाक दिखाई दे रही थी| उन्हें बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ ने पवेलियन भेजा|

पूजा ने टीम को दिलाई 5वीं सफलता

श्रीलंका को अंतिम 5 ओवर में जीत के लिए 43 रन बनाने थे और 6 विकेट शेष थे| 16वां ओवर तितास साधू ने डाला और सिर्फ 4 रन दिए| अपने 4 ओवर के कोटे में तितास ने सिर्फ 6 रन दिए और 3 विकेट लिए. 17वें ओवर की पहली गेंद पर पूजा वस्त्रकर ने निलाकशी डिसिल्वार को बोल्ड मारा| उन्होंने 34 गेंद पर 23 रन बनाए| हालांकि ओशेडी रानासिंघे ने संघर्ष जारी रखा और ओवर की तीसरी गेंद पर चौका जड़ा|ओवर में कुल 6 रन बने| अब अंतिम 18 गेंद पर श्रीलंका को 33 रन की जरूरत थी|

दीप्ति ने झटका अहम विकेट

श्रीलंका की पारी का 18वां ओवर ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने डाला| चौथी गेंद पर उन्होंने ओशेडी का बड़ा विकेट लिया| ओशेडी रानासिंघे ने 26 गेंद पर 19 रन बनाए| ओवर में 3 ही रन बने. 19वें ओवर में लेग स्पिनर देविका वैद्य ने डाला| उन्होंने सिर्फ 5 रन दिए और एक विकेट भी लिया| अंतिम ओवर में उसे 25 रन बनाने थे. राजेश्वरी गायकवाड़ ने सिर्फ 5 रन दिए और एक विकेट भी लिया|

पिछले साल जीता था सिल्वर

2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार महिला क्रिकेट को शामिल किया गया था| भारतीय महिला टीम फाइनल में जगह बनाने में सफल रही थी| लेकिन उसे गोल्ड मेडल के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से 9 रन से हार मिली थी| न्यूजीलैंड को ब्रॉन्ज मेडल मिला था| वहीं 1998 में कॉमनवेल्थ गेम्स में मेंस क्रिकेट को जगह मिली थी| साउथ अफ्रीका ने तब गोल्ड तो ऑस्ट्रेलिया को सिल्वर मेडल मिला था| न्यूजीलैंड की टीम ब्रॉन्ज जीतने में सफल रही थी| भारतीय पुरुष टीम ग्रप स्टेज से ही बाहर हो गई थी|

गेम्स में तीसरी बार महिला क्रिकेट

एशियन गेम्स की बात करें| क्रिकेट को तीसरी बार शामिल किया गया| इससे पहले 2010 और 2014 में एशियाड में भी क्रिकेट को जगह मिली थी| लेकिन दोनों ही बार भारतीय पुरुष और महिला टीम इसमें शामिल नहीं हुई थी| 2010 और 2014 दोनों ही बार महिला कैटेगरी का गोल्ड मेडल पाकिस्तान को मिला था| लेकिन इस बार टीम ब्रॉन्ज मेडल भी नहीं जीत सकी| 2010 में बांग्लादेश को सिल्वर जबकि जापान को ब्रॉन्ज मिला था| 2014 में एक बार फिर बांग्लादेश की टीम फाइनल में हारकर सिल्वर जीतने में सफल रही| श्रीलंका को ब्रॉन्ज मेडल मिला|