सचिन के इश्क में पाकिस्तान से दौड़ी चली आई सीमा हैदर, पबजी खेलते हुए हुआ इश्क

दिल्ली, 12 जुलाई। पाकिस्तान की सीमा हैदर की लव स्टोरी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। सीमा हैदर को हिंदुस्तान के सचिन से मोहब्बत हो गई, जिसके बाद सचिन के लिए हजारों किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अपने पांच बच्चो के साथ हिंदुस्तान की सरजमी पर आ गई। सीमा हैदर पाकिस्तान से दुबई और नेपाल होते हुए भारत पहुंची और ग्रेटर नोएडा के सचिन के पास पहुंच गई। अपनी आंखो के सामने अपनी मोहब्बत को देख सचिन भी काफी खुश हुआ। सचिन का परिवार भी काफी खुश है। लेकिन मामला पाकिस्तानी सीमा हैदर का है तो तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने भी छानबीन शुरू कर दी है।

पाकिस्तान से दुबई और नेपाल होते हुए सीमा हैदर पहुंची हिंदुस्तान

27 साल की सीमा हैदर पहले टूरिस्ट वीजा पर दुबई गई, वहां से काठमांडू पहुंची जिसके बाद उसने पोखरा से दिल्ली के लिए बस पकड़ी। खास बात ये है की तमाम सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देते हुए सीमा भारत में दाखिल हो गई। सीमा के पास वैध दस्तावेज नहीं होने के बावजूद भी वो हिंदुस्तान में दाखिल हो गई। जिसके बाद वो दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा पहुंच गई। ग्रेटर नोएडा में सचिन के पास जैसे ही अपने चारो बच्चो के साथ सीमा पहुंची तो उसका वहां पर भव्य स्वागत किया गया।

पाकिस्तान के कराची की सीमा हैदर और ग्रेटर नोएडा के 22 साल के सचिन की दोस्ती साल 2020 में कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन गेम पबजी खेलते हुए हुई थी। सचिन किराने की दुकान में काम करता है और ग्रेटर नोएडा में ही रहता है। दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई और महिला ने भारत आकर सचिन से शादी करने का फैसला किया। 27 मई को महिला कराची से अपने चार बच्चों के साथ भारत के लिए निकली और दुबई, नेपाल होते हुए सचिन के पास ग्रेटर नोएडा आ पहुंची।

सीमा बच्चों के साथ सचिन के साथ उसी के घर पर रहने लगी। जब सचिन ने महिला को शादी के लिए कहा तो दोनों ने इसपर राय लेने के लिए एक वकील से संपर्क किया। वकील ने जब देखा कि महिला और बच्चों के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट है और उनके पास भारत का वीजा नहीं है तो उसे शक हुआ और उसने इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अशोक कुमार ने मीडिया को बताया कि सूचना मिली थी कि एक पाकिस्तानी महिला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रह रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस जब पहुंची तो सीमा और सचिन चारों बच्चों को लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने सीमा, सचिन और चारों बच्चों को हरियाणा के बल्लभगढ़ से हिरासत में ले लिया। सीमा के चारों बच्चे 10 साल से कम उम्र के हैं। सीमा ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि पाकिस्तान में उसके साथ घरेलू हिंसा की जाती थी। पुलिस के मुताबिक सीमा ने बताया कि उसका पति उसे पीटता था और वह सऊदी अरब में काम करता है। सीमा ने यह भी बताया कि पति से चार साल से उसकी मुलाकात नहीं हुई है।

सीमा ने पुलिस को यह भी बताया कि वह अपने कराची के घर को बेचकर भारत आई ताकि वह सचिन से शादी कर पाए। बताया जा रहा है कि सचिन और सीमा की मुलाकात 8 मार्च 2023 को नेपाल के काठमांडू में हुई थी। जहां उन्होंने एक सप्ताह साथ बिताया था। सीमा पर्यटन वीजा पर नेपाल गई थी। पुलिस का कहना है कि पाकिस्तानी महिला और सचिन से पूछताछ की जा रही है और जब पूछताछ पूरी हो जाएगी तो आगे की जानकारी साझा की जाएगी।

By Anup