यूपी को सिंगापुर से बड़ा निवेश 6,650 करोड़ के तीन समझौते साइन 20 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेंगे रोजगार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले ही दिन प्रदेश के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सिंगापुर की कंपनी यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने उत्तर प्रदेश में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए तीन एमओयू (समझौता पत्र) साइन किए हैं। इन परियोजनाओं में ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे बड़े काम शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इनसे 20 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा।मुख्यमंत्री ने निवेशकों को प्रदेश में तेजी से बन रही सड़कें, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और उद्योगों की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार निवेश करने वाली कंपनियों को हर जरूरी मदद देगी। साथ ही डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए कंपनी को राजधानी लखनऊ आने का न्योता भी दिया।

कहां-कहां होगा निवेश

पहला बड़ा प्रोजेक्ट जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में करीब 100 एकड़ जमीन पर अंतरराष्ट्रीय थीम वाली टाउनशिप बनाई जाएगी। यह जगह जेवर एयरपोर्ट के पास होगी। इस प्रोजेक्ट में लगभग 3,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे और करीब 12 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। काम शुरू होने का लक्ष्य साल 2027 रखा गया है।

दूसरा प्रोजेक्ट कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बनेगा। यहां 50 एकड़ जमीन में आधुनिक लॉजिस्टिक्स पार्क तैयार किया जाएगा। इसमें 650 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 7,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह परियोजना भी 2027 तक शुरू हो सकती है।

तीसरा प्रोजेक्ट आईटी सेक्टर से जुड़ा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ जमीन पर हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क बनाया जाएगा। इसमें 40 मेगावाट आईटी क्षमता होगी। इस काम में करीब 2,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इस परियोजना के 2028 तक शुरू होने की संभावना बताई जा रही है।

सीएम ने क्या कहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए देश के सबसे बेहतर राज्यों में शामिल हो चुका है। यहां कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, बिजली की स्थिति बेहतर है और एक्सप्रेसवे नेटवर्क तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा उद्योग आएं ताकि युवाओं को अपने ही प्रदेश में नौकरी मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में डेटा सेंटर, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट सेक्टर में बड़े निवेश देखने को मिलेंगे। सरकार निवेशकों के साथ लगातार संपर्क में है और हर प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने के लिए तेज काम किया जाएगा।
कुल मिलाकर देखा जाए तो सिंगापुर दौरे की शुरुआत ही प्रदेश के लिए फायदेमंद साबित होती दिख रही है। अगर ये तीनों परियोजनाएं तय समय पर शुरू हो जाती हैं तो पश्चिमी यूपी से लेकर मध्य यूपी तक रोजगार के नए मौके पैदा होंगे, जिसका फायदा बरेली समेत आसपास के जिलों के युवाओं को भी मिल सकता है।