पिल्ले को बचाने सुरंग में घुसा चार साल का मासूम, दो घंटे की मेहनत के बाद जेसीबी से सुरक्षित निकाला गया

बरेली के नवाबगंज इलाके में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक चार साल का मासूम बच्चे का जानवर के प्रति प्यार उसे बड़ी मुसीबत में ले गया। बच्चा एक पिल्ले को बचाने के लिए गन्ने के कोल्हू के पास बनी संकरी सुरंग में घुस गया, लेकिन अंदर जाकर वह खुद ही फंस गया। करीब दो घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पिल्ले को बचाने के लिए सुरंग में घुसा बच्चा

जानकारी के मुताबिक बरखन निवासी संतोष अपने परिवार के साथ पीलीभीत-बरेली बाईपास पर स्थित गरगईया गांव में शाकिर के गन्ने के कोल्हू पर मजदूरी करते हैं और वहीं परिवार के साथ रहते हैं। संतोष ने बताया कि उन्होंने एक कुत्ता पाल रखा है, जिसके दो छोटे-छोटे पिल्ले हैं।
गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे एक पिल्ला खेलते-खेलते कोल्हू के पास बनी खाली और संकरी सुरंग में घुस गया। पिल्ले को अंदर जाते देख संतोष का चार साल का बेटा बिपिन उसे निकालने के लिए सुरंग में घुस गया। शुरुआत में तो वह थोड़ा अंदर चला गया, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर सुरंग इतनी तंग हो गई कि बच्चा वहीं फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया।
जब परिवार और आसपास के लोगों को बच्चे के फंसने की जानकारी मिली तो वहां अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर गांव के लोग और राहगीर भी इकट्ठा हो गए।

दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

ग्रामीणों ने पहले खुद ही फावड़ों और कुदाल से मिट्टी हटाकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सुरंग गहरी और तंग होने की वजह से सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पास में चल रहे पीलीभीत-बरेली बाईपास निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को बुलाया गया।
जेसीबी की मदद से सावधानी के साथ खुदाई शुरू की गई। करीब दो घंटे तक लगातार मेहनत करने के बाद आखिरकार बच्चे तक रास्ता बनाया गया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही बच्चा बाहर आया, वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और उन्होंने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। इस दौरान बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
बच्चे के पिता संतोष ने बताया कि वह मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का गुजारा करते हैं। यह घटना पीलीभीत-बरेली बाईपास पर फायर स्टेशन के सामने की बताई जा रही है। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने भगवान का शुक्रिया अदा किया।