बरेली में आंधी के बीच टीन शेड संग हवा में उड़ गए नह्ने मियां, वीडियो बनाने वाले युवक ने स्वाभिमान टीवी को बताया आंखों देखा हाल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आए तेज आंधी-तूफान ने लोगों को दहला दिया। इस तूफान में एक मजदूर टीन शेड के साथ हवा में उड़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने वाले लोग इसे किसी फिल्म का सीन समझ रहे हैं, लेकिन जिसने यह सब अपनी आंखों से देखा, वह आज भी डरा हुआ है। घटना के बाद इलाके में हर तरफ इसी हादसे की चर्चा हो रही है। घायल मजदूर का नाम नन्हे मियां बताया गया है, जिनका इलाज चल रहा है।

स्वाभिमान टीवी से युवक ने बताई पूरी घटना

जिस युवक ने यह वीडियो बनाया, उसने स्वाभिमान टीवी से बातचीत में बताया कि मौसम अचानक खराब हो गया था। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। तभी खेत के पास लगे टीन शेड को बचाने के लिए कुछ मजदूर उसे रस्सी से बांधने लगे। हवा इतनी तेज थी कि लोग ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। युवक ने बताया कि तभी अचानक जोरदार झोंका आया और टीन शेड हवा में उठ गया। उसके साथ एक मजदूर भी ऊपर चला गया। यह देखकर वहां मौजूद लोगों की चीख निकल गई। कुछ लोग डर के कारण भाग गए तो कुछ लोग उसे बचाने के लिए दौड़े। युवक ने कहा कि उसने जिंदगी में ऐसा मंजर पहली बार देखा। पहले तो उसे समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। बाद में जब देखा कि मजदूर खेत में गिरा पड़ा है तो गांव के लोग तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायल मजदूर को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। लोगों का कहना है कि अगर वह मकई के खेत में नहीं गिरता तो उसकी जान भी जा सकती थी। खेत में पानी और कीचड़ होने की वजह से उसकी जान बच गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग कह रहे हैं कि इस तरह का तूफान उन्होंने कई सालों बाद देखा है।

इलाके में दहशत, लोग बोले- ऐसा तूफान कभी नहीं देखा

घटना के बाद आसपास के गांवों में लोग मौसम को लेकर डरे हुए हैं। कई जगह पेड़ टूट गए और टीन शेड उड़ गए। बिजली भी काफी देर तक गुल रही। ग्रामीणों ने बताया कि हवा इतनी तेज थी कि छोटे बच्चे और महिलाएं घरों से बाहर निकलने से डर रहे थे।
लोगों का कहना है कि मजदूरों ने सिर्फ टीन शेड बचाने की कोशिश की थी, लेकिन तेज तूफान ने सब कुछ बदल दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद दूर-दूर से लोग घटना की जानकारी ले रहे हैं। हर कोई यही कह रहा है कि ऊपर वाले ने नन्हे मियां को नई जिंदगी दी है।

नन्हे मियां की आपबीती यह

नन्हे मियां ने बताया कि हम उधर से आए थे। हम अपने साथियों के साथ मजदूरी करते हैं। हम काम कर रहे थे, अचानक तेज बारिश और आंधी-तूफान आ गया। हमारे साथियों ने कहा कि सब लोग इधर आ जाओ। जो चार लोग और थे हमारे साथ में, हमने कहा कि इस टीन शेड को बांध लो और रस्सी से बीम में बांधने लगे।नन्हे मियां ने कहा कि हम रस्सी से पकड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि करीब 120 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी-तूफान आ गया। यह कहना है नन्हे मियां का। रस्सी टूट गई तो साथी वहीं रह गए और हम टीन शेड के एंगल को पकड़ लिए और ऊपर उड़ गए।ऊपर जाकर हमारे हाथ छूट गए। या अल्लाह जाने, यह हमें नहीं पता। टीन शेड से ऊपर कम से कम 20 से 25 फीट और जमीन से करीब 50 फीट ऊंचाई थी। हम करीब 80 फीट दूरी पर मकई के खेत में जाकर गिरे। जो मक्का का खेत था उसमें पानी भरा हुआ था और पानी में दलदल हो गया था।जिसने देखा उसने कहा कि चाचा टीन शेड के साथ इधर गिरे हैं। फिर वह भागकर घर से आया। उसने हमें कांधे में उठाया फिर रोड पर लेकर आया और हमारे कपड़े उतारे। उसने किसी के कपड़े पहनाए, यह नहीं पता किसके कपड़े थे। फिर साइकिल से लेकर देवचरा के अस्पताल में आया। वहां हमारे एक्सरे कराए गए।हमारे फैक्चर हुआ है। एक हाथ में रॉड पड़ी है। पूरे शरीर में चोट आई है, पूरे शरीर में गुम चोट है। एक हाथ और एक पैर टूट गया है। यह कहना है आंधी-तूफान में उड़े नन्हे मियां का।