मेरठ से बीजेपी का मिशन-2027 शुरू, योगी ने दिया बूथ जीतने का मंत्र, नितिन नवीन ने विपक्ष पर साधा निशाना

मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी ने मेरठ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करने का संदेश दिया है। मेरठ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनावी तैयारी को लेकर बात की।सम्मेलन में सबसे ज्यादा जोर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ की समीक्षा की जाए और एक-एक परिवार की मैपिंग की जाए। इसके साथ ही पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी भी तय करने को कहा गया। यानी बीजेपी अब चुनावी तैयारी को सीधे बूथ और परिवार के स्तर तक ले जाने की रणनीति पर काम कर रही है।

हर बूथ और परिवार पर नजर रखने की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशों से सावधान रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को भी जातियों में बांटने की कोशिश की जा सकती है। योगी ने कोतवाल धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह और दुर्गा भाभी जैसे नामों का जिक्र करते हुए कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे देश के होते हैं।मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे इस सोच के साथ काम करें कि पार्टी ने उन्हें क्या दिया, इसके बजाय यह सोचें कि वे देश के लिए क्या कर रहे हैं। उनके संबोधन में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में सक्रिय भूमिका देने पर जोर रहा।

नितिन नवीन ने सपा पर लगाए आरोप

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास के काम को आगे बढ़ाने के लिए संगठन को मजबूत रखना जरूरी है। साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पुराने हालात और वर्तमान कानून-व्यवस्था की तुलना भी की।वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शक्ति केंद्र संयोजकों को संगठन की अहम कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि अगर शक्ति केंद्र के पदाधिकारी अपने क्षेत्र के बूथों को ठीक से समझ लें और उनका अध्ययन करें तो चुनाव से पहले ही क्षेत्र की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार के काम और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ नमो भारत, मेरठ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश की पहचान अलग थी, जबकि अब सरकार की योजनाओं के जरिए नई पहचान बनाने का काम हुआ है।

मेरठ में हुई इस बैठक के बाद साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि बूथ स्तर की यह रणनीति पश्चिमी यूपी के साथ प्रदेश के दूसरे जिलों में किस तरह लागू की जाती है।