बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर लोगों की जान पर भारी पड़ गया। सोमवार को शहर के सबसे व्यस्त श्यामगंज फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय आदित्य वीर सिंह गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए। वह स्कूटी से स्टेडियम जा रहे थे, तभी हवा में लटक रहा जानलेवा चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन में फंस गया। तेज रफ्तार होने की वजह से मांझे ने गर्दन को गहराई तक काट दिया और वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल किशोर को संभाला और परिवार को सूचना दी। इसके बाद उन्हें बिना देरी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है। घायल आदित्य वीर सिंह गंगवार, गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के बेटे हैं।
बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी
अस्पताल के डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि बच्चा बहुत गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। चाइनीज मांझे से उसकी गर्दन, गाल, होंठ, कान और हाथ पर गहरी चोटें आई थीं और काफी खून बह चुका था। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने परिजनों के आने का इंतजार नहीं किया और तुरंत इलाज शुरू कर दिया।
डॉक्टर ने बताया कि करीब साढ़े तीन घंटे तक ऑपरेशन चला, जिसमें सभी कटे हिस्सों में टांके लगाए गए। फिलहाल बच्चे को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब यह सिर्फ हादसे नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा का गंभीर मुद्दा बन चुके हैं।
मेरा बेटा रनिंग के लिए गया था, हमें नहीं पता था कि ऐसा हादसा हो जाएगा
घायल बच्चे की मां सीमा गंगवार ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह घर से रनिंग के लिए निकला था। जब वह श्यामगंज फ्लाईओवर से गुजर रहा था तभी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन हो चुका है लेकिन अभी तक बेटे को होश नहीं आया है और पूरा परिवार चिंता में है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि शहर में पहले भी इस जानलेवा मांझे से कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अगर सख्त कार्रवाई नहीं होती तो आगे भी लोगों की जान खतरे में पड़ती रहेगी। परिवार ने प्रशासन से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पूरी तरह बंद कराने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार भी पीलीभीत से बरेली पहुंचे। अस्पताल में उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और सवाल उठाया कि जब सरकार ने चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगा रखा है तो यह बाजार में कैसे बिक रहा है। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान पहले से चल रहा है और अब इसे और तेज किया जाएगा।
