यूपी के पीलीभीत में देर रात एक बाघ जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में घुस आया| जब लोगों की नजर उसपर पड़ी तो उनके होश उड़ गए| बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है| वीडियो में वह दीवार पर आराम फरमाता हुआ नजर आ रहा है| आसपास गांववालों की भीड़ जमा है|  पहले ही दीवार के चारों तरफ बाड़ेबंदी कर दी गई थी| ताकि बाघ किसी पर हमला ना कर दे|

जानकारी के मुताबिक, घटना पीलीभीत के कलीनगर तहसील क्षेत्र के अटकोना की है| यहां बीती रात डेढ़-दो बजे के करीब एक बाघ को देखा गया, जिसके बाद लोग सतर्क हो गए| वन विभाग की टीम को भी सूचित कर दिया गया| जल्दी से रस्सी, तार आदि के जरिए बाघ वाले एरिया को सील कर दिया|

बाद में ग्रामीणों ने देखा कि बाघ एक घर के पास दीवार पर डेरा जमाए बैठा है| करीब 8 से 10 घंटे से वह इसी तरह दीवार के ऊपर टहल-घूम रहा है| वह कभी दीवार पर लेट जाता तो कभी चहलकदमी करता| सुबह होते-होते सैकड़ों लोग मौके पर उसे देखने पहुंच गए| वहीं, कई लोग घरों की छतों से बाघ का वीडियो नजर आए| इस दौरान कुछ पुलिसवाले भी आसपास दिखाई दे रहे है|

बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम बाघ को रेस्क्यू करने में जुट गई थी| करीब 12 घंटे बाद ट्रेंकुलाइज कर उसे सफलता पूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया| लेकिन बाघ के आसपास लोगों का इस तरह से जुटना खतरनाक साबित हो सकता था| ये कोई पहला मौका नहीं है जब बाघ किसी गांव में घुस आया हो| पीलीभीत के गांवों मे अक्सर बाघ दस्तक देते रहे हैं, जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत फैल जाती है|

अटकोना गांव में बाघ को देखने के लिए आसपास क्षेत्र से सैकड़ो ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे| वन विभाग के कर्मचारी और माधोटांडा पुलिस भी मुस्तैद दिखी| रिहायशी इलाकों में बढ़ती बाघ की चहलकदमी से लोग दहशत में नजर आए| गनीमत रही कि बिना किसी अनहोनी के बाघ को वन विभाग की टीम ने दीवार से उतार लिया|