सपा बसपा में गाय कसाई से कांपती थी अब गाय से कसाई कांपता है, यूपी में कानून और गाय का राज है: कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह

अखिलेश यादव के छुट्टा पशुओं वाले बयान पर पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का पलटवार
अखिलेश यादव को गाय की नही कसाई की ज्यादा चिंता है, पहले कसाई से गाय डरती थी अब गाय से कसाई डरता है
यूपी के कानून के राज के साथ गाय का भी राज है
बरेली की हर विधानसभा में एक करोड़ 62 लाख की लागत से बनेगी गौशाला
गौशाला बनने से खेतो और सड़को पर नही घूमेंगी गाय

बरेली, 18 अगस्त। बांदा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के छुट्टा पशुओं को लेकर दिए गए बयान का असर आज बरेली में देखने को मिला। किसानों ने पशुधन मंत्री के काफिले के आगे सैकड़ों गाय खड़ी कर दी जिससे हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद एसडीएम और पुलिसकर्मियों से ग्रामीणों की नोक झोंक हो गई। जिसके बाद पशुधन मंत्री अपनी गाड़ी से उतरे और किसानों को समझाया तब जाकर किसानों ने रास्ता खाली किया। वही मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस घटना को साजिश बताया है और जांच कराने की बात कही है। वही अखिलेश यादव के छुट्टा पशुओं वाले बयान पर पलटवार भी किया है।

दरअसल पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और अपर मुख्य सचिव आज आंवला में पॉली क्लिनिक की नीव रखने जा रहे थे। उनके साथ कई बड़े अफसरों की गाड़ियां भी काफिले में मौजूद थी। इस बीच पिपरिया उपराला गांव के पास जैसे ही मंत्री जी का काफिला पहुंचा तो अचानक से ग्रामीण सैकड़ों गाय और गौवंश लेकर काफिले के सामने आ गए। करीब 40 मिनट तक हंगामा बरपता रहा। जिसके बाद मंत्री जी ने लोगो को समझा बुझाकर शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही छुट्टा पशुओं से उन्हे छुटकारा मिलेगा। तब जाकर काफिले के सामने से गाय को हटाया गया।

वही कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि छुट्टा पशु अखिलेश यादव के लिए होंगे हमारे लिए निराश्रित गौवंश है। प्रदेश में ऐसे पशुपालक जो गाय दूध नहीं देती है उनको छोड़ देते हैं। आज भी सोची समझी साजिश के तहत खेतों में से गाय को पकड़ कर मार मार कर उनके काफिले के आगे लाया गया।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता गोवंश है। सपा बसपा की सरकार में किसान बाहर सोता था पशुओं को अंदर ताले में बंद रखता था। और गाय के तस्कर कसाई सोना चांदी की चोरी नहीं करते थे गाय की चोरी करते थे। आज योगी सरकार में कानून का राज तो है ही गोवंश का भी राज है। गाय कहीं भी घूम रही हैं। पहले गाय कसाई को देखकर डरती थी और अब कसाई गाय को देखकर डरता है। यह अंतर है योगी सरकार का।

उन्होंने कहा कि आज मैंने घोषणा की है कि बरेली की हर विधानसभा में हम एक बड़ी गौशाला एक करोड़ 62 लाख रुपए से बनाएंगे। और इसके बाद हमारा प्रयास है निराश्रित गोवंश किसानों के खेतों में सड़कों पर शहरों में दिखाई नहीं देगा। और जो माहौल खराब कर रहा है योगी सरकार में कोई कत्ल खाना बनाने की स्वीकृति नहीं हुई है। और गाय काटना बंद हो गए हैं। अब हम इसको व्यवस्थित करके देसी गाय के दूध के साथ-साथ गाय के गोबर पर भी काम करेंगे और किसान की आय दोगुनी हो तो पशुपालन से ही किसानों की आय दोगुनी होगी। खेती और पशु एक दूसरे के पूरक है। खेती है तो पशु है पशु है तो खेती है। उन्होंने कहा कि किसान कम परेशान है कसाई ज्यादा परेशान है। इसलिए ये इस तरीके के बयान देने का काम कर रहे है।

किसान आवारा पशुओं से इतने ज्यादा परेशान है की उन्होंने आज पशुधन मंत्री का काफिला तो रोका ही साथ ही भाजपा से आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप की भी गाड़ी रोक ली और गाड़ी के सामने सैकड़ों गाय खड़ी कर दी। किसान कीर्ति कश्यप और मंत्री जी से जिद करने लगे की गाय को अपने साथ ले जाओ।

वही आंवला में मंडल स्तरीय पॉली क्लिनिक भी खोला गया है। जिससे मंडल भर के लोगो को फायदा होगा।

By Anup