जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरुवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया था| घात लगाकर किए गए इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए थे| इसमें एक जवान यूपी के कानपुर का था| जैसे ही उसकी शहादत की खबर मिली, परिवार ही नहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई| घरवाले बेटे के आखिरी वादे को याद कर-करके बिलख रहे हैं|

पुंछ हमले में कानपुर में चौबेपुर के भाऊपुर गांव निवासी करण सिंह यादव ने भी शहादत दी है| वो अगस्त में घर आए थे| पिता से कहा था कि अब फरवरी में आऊंगा| मगर, उसके आने से पहले ही शहादत की खबर आ गई| इससे उसके घर के साथ ही पूरे गांव में मातम छा गया|

दिलेरी, जांबाजी और अपने स्वभाव के चलते करण गांव के लोगों के काफी प्रिय थे| जब भी छुट्टी पर आते तो गांव वालों से बड़े प्यार से बात करते थे करण की दो बेटियां है| इसके साथ ही परिवार में माता-पिता एक भाई और दो बहन है|उनके घरवालों का कहना है कि कल शाम फोन आया था कि उसके पैर में गोली लगी है| इसके बाद पता चला कि हमारा वीर सपूत शहीद हो गया है| परिवार की चीत्कार से गांव में मातम पसर गया| भारी संख्या में लोग शहीद के घर पहुंचे|

इसके साथ ही एसडीएम और पुलिस अधिकारी भी परिजनों से मिलने पहुंचे| करण सिंह यादव का पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात तक कानपुर पहुंच सकता है| प्रशासन की तरफ से शहीद के परिवार का ध्यान रखा जा रहा है|