गाजियाबाद के मोदी नगर में मुस्लिम पार्षद द्वारा नाम के आगे श्री लगाने पर मारपीट का मामला सामने आया है| आरोप है कि हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मोदीनगर पालिका कार्यालय में घुसकर मारपीट की है| इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई है| फिलहाल मामले की जांच एसीपी मोदीनगर कर रहे है|

राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद में एक अजीब घटनाक्रम हुआ है| यहां मोदीनगर में नगर पालिका पार्षद सलमान और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में मारपीट हुई है| बताया जा रहा है कि नगर पालिकों ने वार्डों में लगाए जा रहे बोर्ड पर पार्षद के नाम के आगे श्री लिखवा दिया है| चूंकि पार्षद सलमान मुस्लिम हैं, तो हिन्दू युवा वाहिनी ने उनके नाम के आगे श्री लगाने पर आपत्ति जताई है| आरोप है कि हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पहले पार्षद को धमकी दी थी| बावजूद इसके नाम नहीं हटा तो अब मारपीट हुई है|

फिलहाल यह मामला पुलिस के पास पहुंच गया है| गाजियाबाद के डीसीपी ग्रामीण का कहना है कि दोनों पक्षों में कहा सुनी और गाली गलौज का मामला सामने आया है| इस मामले की जांच खुद एसीपी मोदीनगर कर रहे है| जो भी तथ्य सामने आएगा, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी| उधर, दोनों पक्षों ने इस घटना को लेकर पुलिस में एक दूसरे के खिलाफ मारपीट और गाली गलौज का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है| घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है|
पुलिस के मुताबिक बुधवार की शाम को नगर पालिका परिषद के कार्यालय में हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम सभासद सलमान के साथ अभद्रता की| पार्षद ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट हुई है| उधर, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने भी सभासदों पर इसी तरह के आरोप लगाते हुए शिकायत दी है| सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पालिका कार्यालय से एक कार कब्जे में लिया है| इसी के साथ कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है|
पुलिस के मुताबिक पार्षद सलमान मोदीनगर के लंकापुरी में रहते है| उनके घर के पास नगर पालिका की ओर से बोर्ड लगाया गया है| इसमें नाम के आगे श्री लिखा गया है| नगर पालिका के अफसरों के मुताबिक ऐसा केवल एक पार्षद के नाम के साथ नहीं है, बल्कि सभी 10 वार्डों में सभी पार्षदों के बोर्ड पर उनके नाम के आगे श्री लिखा गया है| पार्षद सलमान के मुताबिक हिन्दू युवा वाहिनी के सदस्य उन्हें कई बार नाम से पहले श्री लगाने को लेकर धमकी दे चुके है| इसी क्रम में उनके ऊपर हमला भी किया गया है|