UP में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी गिरफ्तार

बरेली, 26, सितंबर। योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्ट अफसरों पर लगातार कार्यवाही हो रही है। मंगलवार को मुरादाबाद के श्रम प्रवर्तन अधिकारी को बरेली की विजिलेंस ने 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। टीम उसे बरेली लेकर आई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर स्थित रिलायंस वीपी मोबिलिटी लिमिटेड नाम से पेट्रोल पंप है। यहां श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुभाष भारती ने शिकायत मिलने पर पेट्रोप पंप का निरीक्षण किया था। इसमें कई खामियां पाए जाने पर रिपोर्ट बनाकर आपत्तियां लगा दी गई थी। इन आपत्तियां का निस्तारण करने के लिए पेट्रोल पंप संचालक से 50 हजार की रिश्वत मांगी गई थी।
रुपये न मिलने पर रिपोर्ट ऑनलाइन कर देने की धमकी दी थी। इस पर शिकायतकर्ता रिश्वत देने के लिए तैयार हो गया। पंप संचालक ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की थी। शिकायतकर्ता रुपये लेकर मुरादाबाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पास पहुंचा। यहां टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को बरेली लाया गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया है।

By Anup