उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रत्नेश कुमार ने गणित पर विभाज्यता के एक ऐसे महासूत्र की खोज की है| जिससे सेकंडों में ही किसी भी संख्या के लिए विभाज्यता का नियम बनाया जा सकता है| इस महासूत्र की खोज से अब छात्रों को हजारों लाखों सूत्र याद रखने की जरूरत नही पड़ेगी| विभाज्यता का महासूत्र एवम दशक नियम पर हिंदी और अंग्रेजी में रत्नेश ने एक किताब भी लिखी है| जिसे भारत सरकार की ओर से कॉपीराइट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट दिया गया है जो 177  देशों में मान्य है|

शिक्षक रत्नेश कुमार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कस्वा भोगांव के रहने वाले है|रत्नेश ने इंजीनियरिंग, एमबीए व बीएड करने के बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगतपुर में गणित शिक्षक के तौर पर नौकरी शुरू की थी| रत्नेश की गणित और रीजनिंग के प्रश्नों को सॉल्व करने में दिलचस्पी रही| आज अपनी इसी लगन के चलते रत्नेश ने एक ऐसे विभाज्यता के महासूत्र की खोज की जो सभी संख्याओं पर लागू होता है| कहा जा रहा है कि अगर उन्हें आज का आर्यभट्ट कहा जाए तो गलत नही  होगा|

क्यों खास है ये खोज

रत्नेश की इस खोज से हजारों लाखों छात्र छात्राओं और कम्पटीशन की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं को इसका लाभ मिल रहा है| रत्नेश अपने इस महासूत्र का प्रदर्शन एक सैकड़ा से अधिक शिक्षण संस्थाओं में अब तक कर चुके है| रत्नेश के इस महासूत्र की विशेषता यह है कि इससे हर प्राकृतिक संख्या के विभाज्यता का नियम क्षण भर में बनाया जा सकता है| इससे विद्यार्थियों को अलग अलग परंपरागत सूत्रों को याद नही करना पड़ेगा| विभाज्यता के इस महासूत्र से तुरन्त मालूम किया जा सकता है कि कोई संख्या किसी विशेष संख्या से विभाज्य हो सकती है अथवा नहीं|

महासूत्र की विशेषता व उपयोग

रत्नेश के अनुसार इस महासूत्र की सहायता से बहुत ही कम समय मे गणित के सवालों को चुटकियों में हल किया जा सकता है| इस महासूत्र को समझने के बाद विद्यार्थी 1 से लेकर कितनी ही बड़ी संख्याओं के नियम खुद बना सकते है| इसके लिए उन्हें हजारों नियम याद रखने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी| इस महासूत्र से समय की बचत भी होती है और सरल होने के कारण इसको समझना और समझाना दोनों ही बड़े आसान है|

रत्नेश का दावा है कि इस महासूत्र को यदि स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाता है तो विद्यार्थियों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा| रत्नेश ने अपने इस महासूत्र को कैमरे के सामने भी बच्चों को समझाने के लिए ब्लैकबोर्ड पर इसका प्रदर्शन किया| रत्नेश पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगतपुर में भी विषय विशेषज्ञ  गणित के शिक्षक के रूप में 2015 से तैनात है| रत्नेश की इस उपलब्धि के लिए उनके साथी शिक्षक भी काफी खुश है और एक ऐसे प्रतिभाशाली शिक्षक के साथ काम करके अपने आपको गौरान्वित महसूस करते है| इस महासूत्र की खोज के लिए रत्नेश को कई जगह सम्मानित व कई पुरस्कारों से नवाजा गया है|