होली से पहले मिलेगा वेतन सीएम योगी के सख्त निर्देश 3 मार्च को भी रहेगी छुट्टी

उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ ने होली से पहले प्रदेश के सभी कर्मचारियों को वेतन देने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि त्योहार के समय किसी भी कर्मचारी को आर्थिक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि वेतन का भुगतान समय से पहले हो जाए। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ नियमित कर्मचारियों ही नहीं, बल्कि आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदा कर्मचारी और सफाईकर्मियों का भुगतान भी समय पर किया जाए। उनका कहना है कि त्योहार खुशियों का होता है और ऐसे समय में वेतन में देरी ठीक नहीं है। सभी विभागों को तय समयसीमा का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

2, 3 और 4 मार्च को अवकाश

सरकार ने होली के अवसर पर 2, 3 और 4 मार्च को अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही 3 मार्च को विशेष रूप से छुट्टी दी गई है। वहीं 28 फरवरी, जो शनिवार है, उसे कार्यदिवस घोषित किया गया है। यानी उस दिन दफ्तर खुले रहेंगे। सरकार का कहना है कि कामकाज प्रभावित न हो, इसलिए यह व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि अवकाश और वेतन से जुड़े आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए। त्योहार के दौरान कर्मचारियों के हितों की अनदेखी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी।

संपत्ति का ब्योरा नहीं देने वालों पर सख्ती

राज्य कर्मचारियों के लिए चल और अचल संपत्ति का ब्योरा देना अनिवार्य किया गया था। 31 जनवरी 2026 तक यह विवरण देना था, लेकिन 47,816 कर्मचारियों ने अब तक जानकारी नहीं दी है। शासन की ओर से एक और मौका दिया गया है। 26 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक कर्मचारी अपना विवरण जमा कर सकते हैं। ऐसा करने पर जनवरी का वेतन जारी कर दिया जाएगा।

लेकिन यदि तय समय तक ब्योरा नहीं दिया गया तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों की पदोन्नति पर इस चयन वर्ष में विचार नहीं होगा। एसीपी का लाभ भी रोका जा सकता है। विदेश यात्रा या प्रतिनियुक्ति के लिए विजिलेंस क्लीयरेंस भी नहीं दी जाएगी।

सरकार ने साफ कर दिया है कि नियमों का पालन जरूरी है। जो कर्मचारी समय पर जानकारी देंगे, उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी, लेकिन लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा।