दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी धोना पड़ेगा हाथ सीएम योगी बरेली में शिक्षक सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री- अब यूपी की पहचान उपद्रव से नहीं, उत्सव से है दंगा करने वाले जेल में मना रहे उर्स

बरेली, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और प्रदेश के विकास के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। बरेली क्लब ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दंगाइयों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगा किया तो बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बरेली में पर्व और त्योहार आते ही उपद्रव शुरू हो जाता था। अब प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि बरेली में दंगा करने वाले अब जेल में उर्स मना रहे हैं। उनका इशारा मौलाना तौकीर रजा की ओर था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से नहीं, बल्कि उत्सव से पहचाना जाता है। कानून-व्यवस्था में सुधार से प्रदेश के प्रति लोगों की धारणा बदली है।

सपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 1.60 लाख से अधिक पद खाली थे। उनकी सरकार ने साढ़े छह वर्षों में इतने ही शिक्षकों की पारदर्शी तरीके से भर्ती की। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में चयन बोर्ड में परिवार और रिश्तेदारों को बैठाया जाता था, जिससे भर्ती प्रक्रिया प्रभावित होती थी। अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है।मुख्यमंत्री ने परीक्षा और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया में बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब मुख्य परीक्षा 14 दिन में पूरी होती है और अगले 14 दिन में परिणाम घोषित कर दिया जाता है। पहले परिणाम आने में छह महीने तक लग जाते थे।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि हुई है।

शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा कवर

शिक्षकों के सम्मान और सुविधाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और युग का निर्माण करने वाले हैं। उनके सम्मान और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शिक्षा व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन शिक्षकों ने तमाम चुनौतियों के बीच शिक्षा की ज्योति जलाए रखी।योगी ने बताया कि बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के साथ स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी गई है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा गया है। माध्यमिक शिक्षकों को 80 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक का बीमा कवर देने की बात कही। रसोइयों के लिए पांच लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य कवर और दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा का भी उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार की राशि और पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

गांव के बच्चों को भी मिलेगी आधुनिक शिक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल स्कूलों की इमारतें नहीं बनाई जा रहीं, बल्कि बच्चों को आधुनिक सुविधाएं भी दी जा रही हैं। ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।उन्होंने स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अटल टिंकरिंग लैब का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिलें।योगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शाहजहांपुर में स्वामी सुखदेवानंद और मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। भदोही और कुशीनगर में भी विश्वविद्यालय दिए गए हैं। सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।

माफिया पर कार्रवाई से विपक्ष को परेशानी: योगी

मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय मुख्यमंत्री आवास पर गरीबों और शिक्षकों के बजाय गैंगस्टर, दंगाई और फिरौती वसूलने वाले लोगों को बुलाया जाता था। उन्होंने कहा कि आज जब माफिया के खिलाफ कार्रवाई होती है तो सपा नेताओं को परेशानी होती है।मुख्यमंत्री ने बरेली की नाथ नगरी के रूप में पहचान का उल्लेख किया। इसके साथ ही संभल के 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनर्जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को मतदान करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को जिताने का आह्वान करते हुए उन्हें सरदार के साथ असरदार बताया।

खन्ना बोले- विधानसभा चुनाव से पहले मिलेगा संकेत

सम्मेलन में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शिक्षक एमएलसी का यह चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षित वर्ग में भाजपा की लोकप्रियता का संकेत देगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने छह करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। खन्ना ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के हित में कई काम किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के विकास कार्य दिखाई नहीं देते।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर, अरुण कुमार सक्सेना, संजय गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट किया।