P’ का मतलब पाकिस्तान भी बता देंगे, योगी का सपा पर तंज कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर बोले- सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने कल्याण सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि बाबूजी हमेशा राष्ट्र और सनातन मूल्यों को सबसे ऊपर रखते थे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह दबाव में काम करने वालों में से नहीं थे। उनका स्पष्ट मानना था कि वह टूट सकते हैं, लेकिन झुक नहीं सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और भारत के शाश्वत मूल्य और आदर्श सबसे ऊपर हैं, उनके लिए कल्याण सिंह हमेशा प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार कल्याण सिंह के सपनों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

राम मंदिर आंदोलन में योगदान को किया याद

सीएम योगी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने सनातन मूल्यों की रक्षा करते हुए अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का रास्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रति सम्मान रखना सनातन परंपरा को मानने वाले हर व्यक्ति का दायित्व है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने सत्ता से ज्यादा विचार और राष्ट्रहित को महत्व दिया। यही वजह है कि आज भी उनका नाम लोगों के बीच सम्मान के साथ लिया जाता है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के बाद पार्टी के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देने में भी राजनीतिक सोच दिखाई।

गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं’, P वाले बयान पर सपा को घेरा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी वरिष्ठ नेता के निधन पर श्रद्धांजलि देना सामान्य शिष्टाचार और लोकतांत्रिक परंपरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह के निधन के समय समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनकी अंतिम यात्रा में हिस्सा नहीं लिया और सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि भी नहीं दी।इसी मुद्दे पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग समय और परिस्थिति के हिसाब से अपना रंग बदल लेते हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं। योगी ने कहा कि पहले ‘P’ का मतलब ‘पिछड़ा’ बताया गया और बाद में इसी ‘P’ का मतलब ‘पंडित’ कर दिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसी दिन ये लोग ‘P’ का मतलब ‘पाकिस्तान’ भी बता देंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए कई राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे थे। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी बाबूजी को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। योगी ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं का इस मामले में रवैया अलग रहा।

महापुरुषों के नाम पर संस्थानों का नाम बदलने पर भी सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी संस्थानों के नाम बदले जाने के मुद्दे को भी अपने संबोधन में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान कई महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदल दिए गए। योगी ने कन्नौज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने अस्पताल का नाम बदले जाने का दावा किया। इसके साथ ही मैनपुरी में अहिल्याबाई होलकर के नाम से संचालित कॉलेज का नाम बदले जाने का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में जिन महापुरुषों का योगदान रहा है, उनका सम्मान होना चाहिए। उनके नाम पर बने संस्थानों के नाम राजनीतिक फायदे के लिए बदलना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक दल या वर्ग के नहीं होते, बल्कि उनके योगदान से पूरा समाज प्रेरणा लेता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने अपने सिद्धांतों और विचारों के साथ कभी समझौता नहीं किया और राष्ट्रहित को हमेशा प्राथमिकता दी।