पत्नी से विवाद और बीमार बहन से बेपनाह प्यार… बीच मझधार में फंस गया था मानस तलाक की जिद से टूट गया था मानस, बहन को छोड़ने को तैयार नहीं था,देखिए सिर्फ स्वाभिमान टीवी पर पूरा खुलासा

लखनऊ। गोमतीनगर में बैंक अधिकारी मानस की पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुदकुशी के मामले ने हर किसी को झकझोर दिया है। वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद और रिश्तों का उलझा हुआ मामला सामने आ रहा है। जांच में पता चला है कि मानस अपनी मानसिक रूप से बीमार बहन तूलिका की जिम्मेदारी संभाल रहा था। वहीं, उसकी पत्नी दिव्या करीब 10 महीने से उससे अलग रह रही थी और तलाक चाहती थी। दोनों के बीच यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि परिवार पूरी तरह बिखर गया।मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी छोटी बहन तूलिका की देखभाल की जिम्मेदारी मानस पर आ गई थी। बताया जा रहा है कि तूलिका मानसिक रूप से बीमार थी और मानस उससे काफी जुड़ा हुआ था। वह बहन को अकेला छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। दूसरी ओर पत्नी दिव्या अलग रहना चाहती थी। यही बात पति-पत्नी के बीच विवाद की बड़ी वजह बनती गई।

10 महीने से अलग रह रही थी पत्नी, कोर्ट में भी नहीं मानी बात

मानस और दिव्या की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। दिव्या आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम कर रही थी। शादी के शुरुआती साल ठीक रहे, लेकिन बाद में घर की परिस्थितियां बदलने लगीं। बहन की बीमारी और उसकी देखभाल को लेकर पति-पत्नी के बीच मतभेद बढ़ते गए। दिव्या करीब 10 महीने पहले घर छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि 18 अगस्त को कोर्ट में सुनवाई के दौरान मानस ने दिव्या को समझाने की कोशिश की थी। उसने पत्नी से वापस घर आने की बात कही, लेकिन दिव्या तलाक के फैसले पर कायम रही। इसके बाद मानस काफी परेशान हो गया था। जांच में सामने आए इन पहलुओं से यह भी पता चलता है कि मानस एक तरफ अपनी शादी बचाना चाहता था, वहीं दूसरी तरफ बीमार बहन को अकेला छोड़ना उसके लिए संभव नहीं था। वह दोनों रिश्तों के बीच बुरी तरह फंस गया था।

तीन पिस्टल लेकर पहुंचा, पहले पत्नी को मारी गोली

गुरुवार को मामला अचानक खौफनाक मोड़ पर पहुंच गया। मिठाई वाला चौराहे के पास दिव्या कार से उतरकर बैंक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान मानस वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने दिव्या को गोली मार दी। अचानक हुई फायरिंग से बैंक के आसपास अफरातफरी मच गई।।गोली की आवाज सुनकर बैंक के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारी मौके की तरफ दौड़े। बताया जा रहा है कि मानस ने दोनों हाथों में पिस्टल लेकर उनकी तरफ भी हथियार तान दिए। इससे कर्मचारी और गार्ड पीछे हट गए। इसके बाद मानस वहां से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में तीन अवैध पिस्टल इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार मानस तक कैसे पहुंचे और इन्हें किससे हासिल किया गया था।

इसके बाद मानस अपने गोमतीनगर स्थित हुसेड़िया वाले घर पहुंचा। वहां उसकी बीमार बहन तूलिका मौजूद थी। आरोप है कि मानस ने बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने व्हाट्सऐप पर स्टेटस लगाया और खुद को भी गोली मार ली। तीनों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

बैंक में सन्नाटा, घर के बाहर भी पुलिस का पहरा

वारदात के अगले दिन बैंक शाखा और मानस के घर के आसपास सन्नाटा दिखाई दिया। बैंक के कर्मचारी आधा शटर गिराकर अंदर काम करते नजर आए। घटना को लेकर कर्मचारी ज्यादा कुछ बोलने से बचते रहे।

पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है। खासतौर पर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद, कोर्ट की सुनवाई, बहन की बीमारी और मानस के व्हाट्सऐप स्टेटस की जांच की जा रही है। रिश्तेदारों की भूमिका और हथियारों के इंतजाम को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

सिर्फ स्वाभिमान टीवी पर पूरा खुलासा आखिर ऐसा क्या हुआ कि पत्नी को मनाने की आखिरी कोशिश नाकाम होने के बाद मानस ने अपनी पत्नी, बीमार बहन और फिर खुद की जिंदगी खत्म कर ली? पुलिस की जांच पूरी होने के बाद इस दर्दनाक कहानी की और परतें खुल सकती हैं।