उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज के गांव जाम में छज्जा लगाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान छतों से पत्थरबाजी भी की गई। हिंसक झगड़े में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं छतों से पत्थरबाजी का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल बरेली के मीरगंज गांव जाम के निवासी कुंवर पाल का अपने पड़ोसियों से छज्जा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि पड़ोसी उनके छज्जे के ऊपर अपना छज्जा बनाना चाहते थे, जिसका परिवार ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से तनाव बना हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई । आरोप है कि महेंद्र, अनोखे, करन, हरजीत, धर्मपाल और रामऔतार समेत कई लोग लाठी-डंडे लेकर कुंवर पाल के घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर में घुसकर कुंवर पाल के भाई इंद्रपाल के साथ मारपीट की। इस दौरान इंद्रपाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल हालत में परिवार के लोग उन्हें लेकर मीरगंज थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत के बाद दोबारा हुआ हमला
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग फिर पहुंचे और कुंवर पाल के दूसरे भाई लक्ष्मण स्वरूप को घेर लिया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से पत्थरबाजी होने लगी। पत्थर लगने से लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पहले सीएचसी मीरगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही लक्ष्मण स्वरूप ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भारी भीड़ जुट गई।
छतों से पत्थर फेंकने का वीडियो वायरल
घटना के बाद छतों से पत्थरबाजी का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक और महिलाये छत पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जो नीचे की ओर लगातार पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पहले शिकायत पर कार्रवाई हो जाती तो यह घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेज दिया है।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ हत्या और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
