यूपी में वोटर लिस्ट पर योगी और केशव मौर्य के अलग-अलग बयान, 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने पर सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं होने का दावा किया था, वहीं अब केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटा है। सभी मतदाता जहां थे, वहीं हैं।दोनों नेताओं के बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि दोनों नेता भाजपा से ही हैं, लेकिन मतदाता सूची को लेकर उनके बयान अलग-अलग नजर आ रहे हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री ने छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी थी, तो दूसरी तरफ केशव मौर्य ने संगठन के काम पर भरोसा जताया है।

योगी ने 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का किया था दावा

दरअसल, 30 अक्टूबर को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची में नामों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि प्रदेश की विधानसभा मतदाता सूची में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम नहीं हैं।मुख्यमंत्री के मुताबिक, करीब 66 लाख ऐसे लोग हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है। इसके अलावा करीब 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और 18 से 19 साल के लगभग 4.5 लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही गई थी। योगी ने भाजपा के सांसदों, विधायकों औरकार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता सूची की जांच करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं तो उन्हें जुड़वाने के लिए अभियान चलाया जाए।

केशव मौर्य ने संगठन को दी क्लीनचिट

अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटा है। सभी मतदाता जहां थे, वहीं हैं। जिन लोगों के नाम किसी वजह से छूट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने में भाजपा अपनी भूमिका निभाएगी।केशव मौर्य ने SIR की प्रक्रिया में भाजपा संगठन की भूमिका पर भी सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि संगठन की तरफ से कोई चूक नहीं हुई है। कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत के साथ काम किया है। उन्होंने संगठन को सबसे ऊपर बताते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है, था और हमेशा रहेगा।

2027 चुनाव से पहले वोटर लिस्ट बना बड़ा मुद्दा

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और छूटे हुए मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा जहां बूथ स्तर पर मतदाताओं की सूची की जांच कराने पर जोर दे रही है, वहीं विपक्ष भी SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।योगी और केशव मौर्य के बयानों के बीच अब सबकी नजर निर्वाचन आयोग की ओर है। मतदाता सूची में किन लोगों के नाम शामिल हैं और किनके नाम छूटे हैं, इसकी वास्तविक स्थिति आधिकारिक आंकड़ों और जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।