बरेली में गाजियाबाद जैसी वारदात की कोशिश नाकाम, वकील पर चाकू से हमला करने वाला बिलाल घोसी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक वकील और उनके परिजनों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी बिलाल घोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।

वकील को जबरन ले जाने की कोशिश, विरोध पर हमला

घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के गुलाबनगर इलाके की है। जानकारी के अनुसार सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता बृजेश मिश्रा 30 और 31 मई की रात अपने मामा के साथ गांव से जमीन संबंधी कार्य निपटाकर लौटे थे। देर रात दोनों मामा के घर के बाहर वाहन पर बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गुलाबनगर निवासी बिलाल घोसी वहां पहुंचा और अधिवक्ता को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। बृजेश मिश्रा के शोर मचाने पर उनके मामा बीच-बचाव के लिए पहुंचे और किसी तरह उन्हें आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि इसके बाद बिलाल घोसी ने अधिवक्ता की मामी रानी शर्मा को पकड़ लिया, उनके साथ मारपीट की और चाकू निकालकर उनके गले पर रख दिया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मामी को बचाने पहुंचे वकील पर किए चाकू से वार

परिजनों के मुताबिक जब बृजेश मिश्रा अपनी मामी को बचाने के लिए आगे आए और आरोपी का विरोध किया, तब बिलाल घोसी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी पीठ पर दो वार किए, जिससे वह घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।

पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह सूचना मिली कि वकील पर हमला करने वाला आरोपी जनकपुरी क्षेत्र में पुरानी रेलवे लाइन के पास आरपीएफ बैरक के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर गिरफ्तारी का प्रयास किया।आरोप है कि खुद को घिरता देख बिलाल घोसी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज

सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी बिलाल घोसी के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने और उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल आरोपी अस्पताल में भर्ती है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।