अयोध्या राम मंदिर फोटो : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक फोटो शेयर की है, जिसमें उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि की खुदाई के दौरान प्राचीन मंदिरों के अवशेष मिले हैं| इसमें अनेकों मूर्तियां और स्तंभ शामिल हैं|

अयोध्या  में राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है| इस दौरान खुदाई में प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले हैं|इसमें अनेकों मूर्तियां और स्तंभ शामिल हैं| खुद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी| उन्होंने एक फोटो शेयर की है जिसमें ये अवशेष इकट्ठा करके रखे गए हैं| चंपत राय अक्सर मंदिर निर्माण से जुड़ी फोटोज शेयर करते रहते हैं| फिलहाल, राम मंदिर के प्रथम तल का निर्माण कार्य पूरा होने के करीब है|

गौरतलब है कि यह पहला मौका है जब मंदिर निर्माण के समय खुदाई के दौरान मिली वस्तुओं की फोटो सामने आई है, जिसमें दर्जन भर से ज्यादा मूर्तियां, स्तंभ,  शिलाएं आदि शामिल हैं| इन शिलाओं में देवी-देवताओं की कलाकृतियां उभरी हुई हैं| फोटो में मंदिरों में लगने वाले स्तंभ भी नजर आ रहे हैं|बताया जा रहा है कि है कि खुदाई के दौरान मिले इन अवशेषों को रामलला के भव्य मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा जाएगा|

मालूम हो कि जब मंदिर बनना शुरू हुआ था तब करीब 40 से 50 फीट की खुदाई की गई थी| मंदिर परिसर की खुदाई के दौरान ये सारी वस्तुएं मिली है| जो हिंदू पक्ष दावे को और पुष्ट करती है| ASI के सर्वे में भी काफी सारी वस्तुएं मिली थीं| मंदिर-मस्जिद मामले की सुनवाई के दौरान भी कोर्ट ने भी इसका संज्ञान लिया था|

कब से कर सकेंगे रामलला के दर्शन?

बता दें कि राम मंदिर का निर्माण कार्य बेहद तेजी से चल रहा है| प्रथम तल लगभग बनकर तैयार है. जनवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण होना है| मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहेगा| राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों के मुताबिक, प्रथम तल और द्वितीय तल काम दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा|