राममय हुई नाथ नगरी: प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य राम रथ यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

बरेली, 21 जनवरी। अयोध्या में होने वाली प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश भर में उत्साह का माहौल है। जगह जगह शोभा यात्राएं निकाली जा रही है। हर ओर एक ही जयकारा सुनाई दे रहा है जय श्री राम। आज बरेली में भी प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भव्य राम रथ यात्रा निकाली गई।

 

नाथ नगरी आज राम मय हो गई। आनंद आश्रम मंदिर से शुरू हुई राम रथ यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। रथ यात्रा में महिलाए, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी लोग शामिल हुए। सभी लोग अपने अपने हाथो में भगवा ध्वज लेकर भगवान राम के भजनों पर नाचते झूमते नजर आए।

 

रथ यात्रा के दौरान पूरा बरेली शहर राम मय हो गया। राम रथ यात्रा में शामिल राम भक्तों का जगह जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इतना ही नहीं इस दौरान जगह जगह सड़क किनारे टेंट लगाकर लोग हनुमान चालीसा और सुंदर काण्ड का पाठ करते नजर आए।

 

पूरा शहर जय श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हो गया। राम रथ यात्रा में महिलाओ ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया, नौजवान हों या फिर बुजुर्ग महिलाएं हों या बच्चे सभी का उत्साह देखते बन रहा था। यात्रा में भजन कीर्तन और धार्मिक गीतों ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।

रथ यात्रा आनंद आश्रम मंदिर से शुरू हुई और चौकी चौराहा, पटेल चौक, नॉवेल्टी चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, बरेली कालेज गेट होते हुए कालीबाड़ी पर समाप्त हुई। इस दौरान नॉवेल्टी चौराहा पर उपजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ पवन सक्सेना के साथ सभी पत्रकारों ने रथ यात्रा का स्वागत किया।

रथ यात्रा में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा, मेयर डॉ उमेश गौतम भी शामिल हुए। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, आरएसएस और बीजेपी समेत सभी हिंदू संगठनों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में सेवक भी शामिल हुए।

 

इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अनीस अंसारी के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोगो ने राम यात्रा को फूलों से स्वागत किया।

By Anup