दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस की टीम प्रयागराज के नैनी इलाके में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है| सपा नेता मोहम्मद शारिक के यहां भी जांच एजेंसियां छापेमारी कर रही है| सपा नेता अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव रह चुके है|

संदिग्ध आतंकी रिजवान अशरफ का कनेक्शन तलाशने जांच एजेंसियां प्रयागराज में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है| जांच एजेंसियां नैनी इलाके में कई जगहों पर रेड कर रही है| समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद शारिक के यहां भी टीम पहुंची है| शारिक समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव रह चुका है| आरोप है कि संदिग्ध आतंकी रिजवान का समाजवादी पार्टी के नेता शारिक के परिवार से बेहद करीबी संबंध रहा है| शारिक के चचेरे भाई हसन से रिजवान की गहरी दोस्ती रही है|

दोनों के बीच हुई कुछ संदिग्ध बातचीत के आधार पर जांच एजेंसियां छापेमारी कर रही है| दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस की टीम संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है| इस दौरान सुरक्षा के लिए प्रयागराज पुलिस की भी मदद ली गई है| आजमगढ़ के रहने वाले रिजवान अशरफ को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार दिन पहले गिरफ्तार किया था|

संदिग्ध आतंकी का सपा नेता के घर था आना जाना

लखनऊ से रिजवान को गिरफ्तार किया गया था| सूत्रों की मानें तो रिजवान अशरफ ने जांच एजेंसी को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी है| पढ़ाई के बाद रिजवान कुछ सालों तक प्रयागराज के नैनी में रह चुका है| कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के नेता शारिक के घर में संदिग्ध आतंकी मोहम्मद रिजवान के घर आना जाना था| वह इसी इलाके में किराए पर कमरा लेकर रहता भी था| बीटेक करने के बाद वह अपने मंसूबे को पूरा करने के लिए प्रयागराज आया था|

जीनियर से बना मौलाना रिजवान

यहां वह धर्मगुरु बनकर आईएसआईएस के लिए काम कर रहा था| प्रयागराज में ही वह इंजीनियर रिजवान से मौलाना रिजवान बन गया था| रिजवान की गिरफ्तारी के बाद से जांच एजेंसियां एलर्ट पर है| सूत्रों के मुताबिक रिजवान ने प्रयागराज में ही शादी भी की थी| पिता बनने बाद वह प्रयागराज से लखनऊ जाकर रहने लगा था|

रिजवान के बैंक खातों को खंगाली रही जांच एजेंसियां

जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि उसने यहां बैंक खाता भी खोला था| रिजवान के बैंक खातों की भी डिटेल खंगाली जा रही है| इस बात की जांच हो रही है कि उसे कहां से फंडिंग हो रही थी| इस बात की भी जांच हो रही है कि बीटेक करने के बाद उसने नौकरी क्यों नहीं की| पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दिल्ली में पकड़ा गया मोहम्मद रिजवान अशरफ का सऊदी अरब में जन्म हुआ था| उसके पिता मोहम्मद नजीब अशरफ सऊदी अरब में शिपिंग कंपनी में क्लर्क थे|

धर्मगुरू बनकर आतंकी गतिविधियों में शामिल हुआ रिजवान

रिजवान की शुरूआती शिक्षा फतेहपुर सिटी, जामिया तुल फलाह आजमगढ़ में हुई थी| 2017 में मोहम्मद रिजवान ने गाजियाबाद के एक कॉलेज से आईटी में बीटेक किया था| प्रयागराज में आकर उसने निकाह कर लिया था| धर्मगुरु बनकर वह आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हो गया|

यह पता लगाने की कोशिश में जांच एजेंसियां

अब तक की जांच में जानकारी मिली है कि रिजवान अशरफ आईएसआईएस के स्लीपिंग मॉड्यूल के तौर पर काम करता था| जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि रिजवान का प्रयागराज में जिन लोगों से ज्यादा संपर्क था| वे किस तरह के लोग है| क्या करते है| क्या इन्हें रिजवान के आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी थी| कहीं उसने कुछ अन्य लोगों को भी तो आतंकी गतिविधियों में शामिल तो नहीं करा लिया था|