कुतुबखाना फ्लाईओवर के निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर कमिश्नर ने लगाई अफसरों की फटकार

कुतुबखाना फ्लाईओवर की बदलेगी डिजाइन, सेंट्रल पिलर पर खड़ा होगा पुल

बोर्ड बैठक के बाद कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने लिया फ्लाईओवर का जायजा

कुतुबखाना के दुकानदारों से बातचीत के बाद अब बदलेगी डिजाइन

कुतुबखाना फ्लाईओवर में जगह की कमी की वजह से पोर्टल फ्रेम उपयुक्त नहीं

105 करोड़ की लागत से बन रहा है कुतुबखाना फ्लाईओवर

 

बरेली, 7 नवंबर। शहर के बीचोबीच बन रहे कुतुबखाना फ्लाईओवर को पोर्टल फ्रेम पर बनाने के लिए चौराहे पर जगह ही नहीं है। इसकी वजह से इसकी डिजाइन बदली जाएगी। कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने बोर्ड बैठक के फौरन बाद कुतुबखाना फ्लाईओवर का जायजा लिया। पोर्टल फ्रेम के लिए जगह न होने पर उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों की डांट लगाई। उन्होंने कहा कि जब जगह नहीं थी तो लेआउट और डिजाइन कैसे पास कर दिया गया। इसके बाद मौके पर ही फ़ीता डालकर उसकी पैमाइश की गई। पता लगा कि फ्लाईओवर का आधा हिस्सा पोर्टल प्रेम और आधा सेंट्रल पिलर खड़ा होगा। इसके बाद कमिश्नर ने व्यापारियों व अन्य अधिकारियों से बातचीत की। फ्लाईओवर की डिजाइन बदलने को लेकर सेतु निगम के अधिकारियों ने प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि इसे सेंट्रल पिलर पर बना सकते हैं। बार-बार डिजाइन बदले जाने से कमिश्नर काफी नाराज हुईं। उन्होंने कहा कि कुतुबखाना फ्लाईओवर को सेंट्रल पिलर पर ही खड़ा करें। पुल की डिजाइन को ground-truthing करके स्ट्रक्चरल डिज़ाइन की वेटिंग के बाद फ्लाईओवर जल्दी बनायें और किसी को असुविधा ना हो।

सेंट्रल पिलर पर बनने से निकलेगा सर्विस लेन का रास्ता

कुतुबखाना फ्लाईओवर का 500 मीटर का हिस्सा पोर्टल फ्रेम में तैयार किया जा रहा था। आधा हिस्सा सेंट्रल पिलर पर था। लेकिन अब पूरा फ्लाईओवर सेंट्रल पिलर पर खड़ा किया जाएगा। इससे एक और कुतुबखाना फ्लाईओवर के आसपास के दुकानदारों को राहत मिलेगी। वहीं राहगीरों के लिए भी सर्विस लेन का रास्ता साफ हो जाएगा। दोनों और गाड़ियों का आवागमन हो सकेगा। इससे आसपास के दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित नहीं होगा।

बार-बार डिजाइन बदलने से कमिश्नर नाराज, अफसरों के लगाई डांट

कमिश्नर संयुक्ता समद्दार के निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज की डिजाइन फाइनल हो चुकी है। आईआईटी से लेकर शासन तक पास हो चुकी है। कमिश्नर ने पुल की डिजाइन के संबंध में आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी राय जानी। व्यापारियों ने कहा कि उन्हें समस्या होगी। कुतुबखाना फ्लाईओवर के पिलर उनकी दुकानों के सामने आएंगे। इससे उनका व्यापार प्रभावित होगा। जिस पर कमिश्नर ने कहा कि व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमिश्नर ने सेतु निगम के अधिकारियों को कुतुबखाना चौराहे पर जगह को देखते हुए बेहतर डिजाइन और सेंट्रल पिलर पर पुल को खड़ा करने के आदेश दिए हैं।

जून 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा कुतुबखाना फ्लाईओवर

105 करोड़ की लागत से 1.3 किलोमीटर लंबा कुतुबखाना फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है। उसका एक हिस्सा कोतवाली के सामने से शुरू होकर और दूसरा सिरा कोहाड़ापीर पुलिस चौकी तक जा रहा है। सेतु निगम के डिप्टी डायरेक्टर बीके सेन ने बताया कि फ्लाईओवर को वाई शेप करने की भी व्यवस्था की जा रही है। चौपला से आने वाले लेन को उसमे जोड़ने की व्यवस्था रखी जाएगी। भविष्य में चौपला से आने वाली रोड की आवश्यकता को देखते हुए पुल को वाई शेप किया जा सकेगा। बहरहाल अभी कोहाड़ापीर से कोतवाली तक फ्लाईओवर बनेगा। इसके लिए शासन ने 105 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की है।

निरीक्षण में डीएम बरेली, नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर पीडब्ल्यूडी, एसपी ट्रैफिक , सेतु निगम के चीफ इंजीनियर मौजूद रहे।

By Anup