जीआईसी में बन रहा स्मार्ट ऑडिटोरियम एक साथ होगी 400 लोगों की कॉन्फ्रेंस

सांस्कृतिक गतिविधियां, कलाकारों, स्थानीय हुनर को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर कमिश्नर ने की समीक्षा तो पकड़ी निर्माण ने रफ्तार

कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने दिसंबर 22 तक निर्माण पूरा करने के दिए आदेश

स्मार्ट आडिटोरियम में होंगे प्रदेश और नेशनल स्तर के सेमिनार

बरेली, 7 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर स्मार्ट सिटी पारियोजना में शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों, कलाकारों, स्थानीय कामगारों के हुनर को बढ़ावा देने के लिए स्मार्ट ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। सिविल लाइंस के राजकीय इंटर कॉलेज में 32.96 करोड़ की लागत से बन रहे स्मार्ट ऑडिटोरियम में 400 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। आधे से ज्यादा ऑडिटोरियम के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के आदेश पर शासन की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की कमिश्नर बरेली मंडल संयुक्ता समद्दार प्रतिदिन समीक्षा कर रही हैं। सोमवार को कमिश्नर ने स्मार्ट सिटी परियोजना में बनाए जा रहे स्मार्ट ऑडिटोरियम की समीक्षा की। इसके बाद ऑडिटोरियम के निर्माण में रफ्तार बढ़ेगी। कमिश्नर ने कार्यदाई संस्था को दिसंबर 2022 तक ऑडिटोरियम का निर्माण पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।

तय समय में काम पूरा न करने वाली कार्यदाई संस्थाएं होंगी ब्लैकलिस्टेड

कमिश्नर संयुक्ता समद्दार सोमवार को फुल एक्शन मोड में नजर आई। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी प्रोजेक्ट तय समय में पूरे किए जाएं। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट की गति पिछले दिनों धीमी थी। हालांकि पिछले एक माह से कमिश्नर के समीक्षा प्रति दिन करने की वजह से निर्माण कार्यों की रफ्तार में गति आई है । कमिश्नर ने कहा कि तय समय में निर्माण कार्य पूरा न करने वाली कार्यदाई संस्थाओं को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कमिश्नर के प्रयासों से बढ़ी स्मार्ट सिटी की रैंकिंग

बरेली स्मार्ट सिटी की रैंकिंग पिछले दिनों तक काफी खराब चल रही थी। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट धीमी गति से चल रहे थे। निर्माण में रफ्तार ना होने की वजह से स्मार्ट सिटी की रैंकिंग गिरती जा रही थी। कमिश्नर बरेली मंडल संयुक्ता समद्दार ने स्मार्ट सिटी की रैंकिंग को चुनौती के रूप में लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसकी मॉनिटरिंग शुरू की। उन्होंने मौके पर जाकर हकीकत जानी। समस्याओं को समझा। उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ सुबह से लेकर रात तक मंथन किया। सभी अधिकारियों के साथ मिलकर टीम भावना से काम किया। जिसकी वजह से स्मार्ट सिटी की रैंकिंग 64 से ऊपर उठकर 44 पहुंच गई है।

स्मार्ट आडिटोरियम में होंगे प्रदेश और नेशनल स्तर के सेमिनार

स्मार्ट सिटी परियोजना में बन रहे स्मार्ट ऑडिटोरियम में प्रदेश और नेशनल स्तर के सेमिनार होंगे। वातानुकूलित 400 सीटर भव्य भवन होगा। 120 से ज्यादा कारों की पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। माइक साउंड से लेकर ऑडिटोरियम का पूरा लुक थ्रीडी होगा। इसके अलावा उसमें अत्याधुनिक थ्रीडी स्क्रीन और सेमिनार के लिए साउंड सिस्टम लगाए जा रहे हैं।

By Anup