प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, यूपी को मिलेगी बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री Narendra Modi गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक बनेगा और करीब 594 किलोमीटर लंबा है। इसके चालू होने से सफर का समय काफी कम हो जाएगा और प्रदेश की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

सफर होगा तेज, सुविधाएं मिलेंगी जबरदस्त

गंगा एक्सप्रेसवे को इस तरह बनाया गया है कि लोग तेज और सुरक्षित यात्रा कर सकें। पहले मेरठ से प्रयागराज पहुंचने में 10-12 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह सफर करीब 6-7 घंटे में पूरा हो जाएगा। इस एक्सप्रेसवे पर सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है। यहां रास्ते में जगह-जगह बड़े-बड़े सुविधा केंद्र बनाए गए हैं। इन जगहों पर पेट्रोल पंप, खाने-पीने की दुकाने, आराम करने के लिए जगह और साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था होगी।खास बात यह है कि यहां छोटे ढाबों से लेकर बड़े ब्रांड के फूड आउटलेट तक मिलेंगे। यानी सफर के दौरान हर तरह का खाना उपलब्ध रहेगा। साथ ही मोटेल भी बनाए गए हैं, जहां लोग जरूरत पड़ने पर रुककर आराम कर सकते हैं।

अस्पताल, ईवी चार्जिंग और नई सुविधाएं

इस एक्सप्रेसवे को आधुनिक बनाने के लिए कई नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। रास्ते में ट्रॉमा सेंटर यानी अस्पताल की सुविधा रहेगी, जिससे किसी हादसे में तुरंत इलाज मिल सके।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी लगाए गए हैं। यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर पर एक्सप्रेसवे पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए खास व्यवस्था की गई है।
बच्चों के लिए खेलने की जगह, ड्राइवरों के लिए अलग रेस्ट एरिया और गाड़ियों के सर्विस सेंटर भी बनाए गए हैं। यानी यह एक्सप्रेसवे सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि एक पूरा सुविधाओं का पैकेज है।

रोजगार और कारोबार को मिलेगा फायदा

गंगा एक्सप्रेसवे से सिर्फ यात्रा ही आसान नहीं होगी, बल्कि रोजगार और व्यापार को भी बड़ा फायदा मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों को जोड़ता है, जिससे किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को तेजी से बाजार तक पहुंचने का मौका मिलेगा। इसके किनारे कई इंडस्ट्रियल और लॉजिस्टिक हब बनाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को नौकरी के नए मौके मिलेंगे। पर्यटन भी बढ़ेगा और शहरों का विकास तेज होगा।

कुल मिलाकर क्या बदलेगा?

गंगा एक्सप्रेसवे बनने से यूपी में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, सफर तेज होगा और लोगों को रास्ते में हर तरह की सुविधा मिलेगी। बरेली और आसपास के जिलों के लोगों के लिए भी यह एक्सप्रेसवे बहुत फायदेमंद साबित होगा क्योंकि अब लंबी दूरी की यात्रा आसान हो जाएगी यह प्रोजेक्ट यूपी के विकास में बड़ा कदम माना जा रहा है और आने वाले समय में यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगा।