JPSC-JSSC छात्र आंदोलन आज विधानसभा घेराव की तैयारी पूरी, रांची में सुरक्षा कड़ी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में 16वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी, देवेंद्र नाथ महतो ने कहा बातचीत के बाद भी नहीं रुकेगा विधानसभा घेराव

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहा छात्र आंदोलन अब और तेज हो गया है। आंदोलनकारी छात्रों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया है। इसे लेकर रांची में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। छात्रों का कहना है कि सरकार से बातचीत जरूर हुई है, लेकिन जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। रांची के एक स्टेडियम में बड़ी संख्या में JPSC और JSSC की तैयारी करने वाले छात्र जुटे हैं। यहां से छात्र विधानसभा की ओर मार्च करने की तैयारी में हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। प्रशासन की ओर से छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की गई है।

8 दिन से अनशन पर देवेंद्र नाथ महतो

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले आठ दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। आंदोलन के दौरान उनके वजन में करीब 10.5 किलो की कमी आने का दावा किया गया है। रविवार देर रात करीब तीन बजे मेडिकल टीम के साथ सिटी एसपी, सदर एसडीओ, सदर सीओ और एडीएम रांची भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महतो की तबीयत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।महतो ने साफ कहा कि वह अपनी भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि सरकार के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही है, लेकिन इससे आंदोलन खत्म करने का फैसला नहीं लिया गया है।सरकार की हाईलेवल कमेटी में शामिल चार मंत्रियों ने वीडियो कॉल के जरिये देवेंद्र नाथ महतो का हालचाल भी जाना। मंत्रियों ने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की, लेकिन महतो ने फिलहाल अनशन जारी रखने की बात कही है।

बातचीत के बाद भी विधानसभा घेराव जारी रखने का ऐलान

देवेंद्र नाथ महतो ने छात्रों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय है और इसे ऐतिहासिक बनाया जाएगा। आंदोलनकारियों का दावा है कि झारखंड के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से भी छात्र और अभिभावक रांची पहुंचे हैं।अभिनेता पीयूष मिश्रा के भी देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात कर आंदोलन को समर्थन देने की बात कही जा रही है। JPSC-JSSC न्याय मंच का दावा है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा अब झारखंड से बाहर भी चर्चा में है।

विधानसभा के 750 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा

विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एसएसपी के मुताबिक विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में छह अगस्त से 12 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू है। यह आदेश सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।जमशेदपुर में भी प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए रविवार आधी रात से निषेधाज्ञा लागू की गई है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल लगाया गया है।दूसरी ओर भाजपा नेता अमर बाउरी ने आरोप लगाया है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को नजरबंद किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की तैनाती करके सरकार छात्रों के आंदोलन को दबा नहीं सकती।रांची जिला प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि विधानसभा मार्च के दौरान किसी तरह की हिंसा या कानून तोड़ने की कोशिश न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि उग्र प्रदर्शन या गैरकानूनी गतिविधियों पर कार्रवाई की जा सकती है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि दूसरे जिलों से रांची आने वाले कई छात्रों को पुलिस रास्ते में रोक रही है।

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन में पहुंच गया था। इस दौरान छह छात्र भूख हड़ताल पर बताए जा रहे हैं। अब सभी की नजर सोमवार को होने वाले विधानसभा घेराव पर है।