उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। नोएडा से करीब 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने और दम घुटने से मौत हो गई। कई यात्री घायल भी बताए जा रहे हैं।
दयानतपुर गांव के पास अचानक उठने लगा धुआं
हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जाने वाले रास्ते में दयानतपुर गांव के पास हुआ। बताया गया कि बस अपने सफर पर जा रही थी। इसी दौरान बस के अंदर अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुआं इतना ज्यादा हो गया कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।आग की जानकारी होते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस से बाहर निकलने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन आग और धुएं ने इतनी तेजी से बस को घेरा कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
धुएं से भर गई बस, यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे में बच निकले एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था। अचानक दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। आंख खुली तो बस के अंदर चारों तरफ धुआं भरा हुआ था। लोगों में भगदड़ मची थी। यात्री किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए बाहर भाग रहे थे।प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, बस के अंदर इतना धुआं था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कई लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
