बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में सेना की वर्दी से जुड़े कपड़े के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। आर्मी इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकटिया इलाके की एक दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सेना की नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म में इस्तेमाल होने वाले पैटर्न जैसा कपड़ा और उससे जुड़ा सामान बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से अरबाज नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि मोहनपुर रोड स्थित एक दुकान में सेना की यूनिफॉर्म में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा बड़ी मात्रा में रखा गया है और उसे आगे सप्लाई करने की तैयारी चल रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस, कैंट पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और दुकान की जांच शुरू की।
छापे में बड़ी मात्रा में कपड़ा और यूनिफॉर्म सामग्री मिली
तलाशी के दौरान टीम को दुकान से कई बंडलों में रखा कपड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक सात बड़े बंडलों में करीब 200-200 मीटर कपड़ा रखा गया था। इसके अलावा पांच अन्य बंडलों में लगभग 100-100 मीटर कपड़ा मिला। दो प्लास्टिक बैग में भी अतिरिक्त कपड़ा बरामद किया गया।केवल कपड़ा ही नहीं, बल्कि सेना की यूनिफॉर्म से जुड़ी कई अन्य सामग्री भी मौके से मिली। इनमें पी-कैप, कॉम्बैट यूनिफॉर्म से जुड़ा सामान, जूतों के फीते, कपड़े की टोपी और काले रंग के वेलको पैक शामिल बताए गए हैं।
राजस्थान से मंगाया गया था कपड़ा, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अरबाज ने बताया कि उसने यह कपड़ा राजस्थान के श्रीगंगानगर की एक फैक्टरी से मंगवाया था। उसके अनुसार कपड़े की खरीद की जा चुकी थी और आगे बिक्री की तैयारी चल रही थी।पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि सेना में नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म लागू होने के बाद ऐसे कपड़े की बाजार में मांग बढ़ी है। आरोपी का दावा है कि कैंटीन में आसानी से उपलब्ध न होने की वजह से इसकी कीमत ज्यादा मिल जाती है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि शुरुआती जांच में बरामद कपड़ा सेना की वर्दी में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित डिजाइन से मिलता-जुलता पाया गया है। इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
