उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर कई बड़े ऐलान किए। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। प्रशासन को साफ निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ियों की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट पर व्यवस्था सख्ती से लागू कराई जाए। मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा वाले रास्तों पर होटल, ढाबे, ठेले और दूसरी दुकानों के बाहर नेम प्लेट लगाना जरूरी होगा। इससे यह साफ रहेगा कि दुकान किस व्यक्ति की है। उनका कहना था कि कई बार पहचान छिपाकर दूसरी तरह के नाम से दुकान चलाने की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनती है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि सावन शुरू होने से पहले सभी कांवड़ मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी को दे दिए गए हैं। 30 जुलाई तक जिले के सभी प्रमुख कांवड़ मार्ग दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि इस बार कांवड़ और डीजे की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी। प्रशासन और बिजली विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि हाईटेंशन लाइनों की निगरानी रखी जाए और जहां जरूरत हो वहां तार ऊंचे किए जाएं। उन्होंने कहा कि हर साल ज्यादा ऊंचाई वाले डीजे और कांवड़ बिजली के तारों की चपेट में आने से हादसे होते हैं। इसलिए इस बार पहले से ही एहतियात बरती जा रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह से माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ऐसे लोगों पर नजर रखेगा जो यात्रा में व्यवधान पैदा करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन पूरी तैयारी के साथ काम कर रहे हैं और सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। सावन में मांस और मछली खाने को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मपाल सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में मांस और मछली स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं माने जाते। लोगों को इस मौसम में इनसे बचना चाहिए। हालांकि उन्होंने साफ किया कि यह व्यवस्था खास तौर पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर लागू रहेगी और यात्रा समाप्त होने के बाद सामान्य व्यवस्था बहाल हो जाएगी।पशुधन मंत्री ने बताया कि इस बार भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करेंगे। बरेली की नाथ नगरी में भी प्रशासन की ओर से कांवड़ियों का स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और सभी विभाग मिलकर कोशिश करेंगे कि इस बार कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और बिना किसी विवाद के संपन्न हो।
सपा सरकार में कांवड़ यात्रा सुरक्षित नहीं होती थी, आज सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा दोनों का ध्यान रख रही है
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिलती थी। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा को पूरी सुरक्षा और सम्मान के साथ कराया जाता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि कांवड़ यात्रियों की आस्था, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। इसी वजह से यात्रा मार्गों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य जरूरी इंतजाम पहले से किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में इस बार भी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और बेहतर व्यवस्था के साथ संपन्न होगी।
